Amethi Farmer Registry Drive: फार्मर रजिस्ट्री में ढिलाई पड़ी भारी, 20 पंचायत सहायकों को नोटिस, सेवा समाप्ति तक की चेतावनी

Amethi News: अमेठी के संग्रामपुर ब्लॉक में 'फार्मर रजिस्ट्री' अभियान में लापरवाही बरतने वाले 20 पंचायत सहायकों पर प्रशासन सख्त हो गया है. इन सहायकों ने कार्य में सुस्ती दिखाई और समीक्षा बैठक से भी अनुपस्थित रहे. एडीओ पंचायत ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि काम न सुधरा तो सेवा समाप्त कर दी जाएगी.

Amethi farmer registry campaign

Newzo

• 10:06 AM • 04 Jun 2026

follow google news

 Amethi News: शासन की महत्वाकांक्षी फार्मर रजिस्ट्री योजना में अपेक्षित प्रगति न होने और समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर विकास खंड संग्रामपुर में तैनात 20 पंचायत सहायकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. एडीओ पंचायत संग्रामपुर लाल शशिकांत सिंह ने सभी संबंधित पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है.

यह भी पढ़ें...

एडीओ पंचायत ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत पंचायत सहायकों को किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक (वीसी) में सभी पंचायत सहायकों को शामिल होने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित 20 पंचायत सहायक बैठक में अनुपस्थित रहे. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए विभाग ने सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है. नोटिस में निर्धारित समय के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.

एडीओ पंचायत लाल शशिकांत सिंह ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है. ऐसे में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नोटिस के बाद भी कार्य में सुधार नहीं हुआ और प्रगति संतोषजनक नहीं रही, तो संबंधित पंचायत सहायकों की सेवाएं समाप्त कर उनके स्थान पर नए अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे.

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद संबंधित पंचायत सहायकों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों में अभियान को गति देने और किसानों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं.