Amethi Drainage Issues: अमेठी: व्यापारियों की मासिक बैठक में जनसमस्याओं पर चर्चा, जल निकासी और वार्ड उपचुनाव की उठी मांग उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की मासिक बैठक जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष महेश सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने जनसमस्याओं और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
ADVERTISEMENT
बैठक में व्यापारियों ने बरसात से पूर्व नगर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की आवश्यकता पर जोर दिया. वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है. इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. व्यापारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई कराने की मांग की.
बैठक में वार्ड संख्या 12 की सभासद कांता जायसवाल के लगभग छह माह पूर्व निधन के बाद अब तक उपचुनाव न कराए जाने का मुद्दा भी उठाया गया. व्यापारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि के अभाव में वार्डवासियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है. उन्होंने शासन और निर्वाचन आयोग से जल्द उपचुनाव कराने की मांग की.
इसके अलावा अमेठी-कालकन मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. व्यापारियों का कहना था कि पुल निर्माण कार्य करीब दो वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की.
जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन जल्द ही इन सभी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करेगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करेगा. उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 12 में उपचुनाव कराए जाने की मांग को लेकर शासन को पत्र भेजा जा चुका है. साथ ही इस संबंध में ए.के. शर्मा से मुलाकात कर वार्डवासियों की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा.बैठक में वरिष्ठ जिला महामंत्री सुशील जायसवाल, जिला महामंत्री राहुल लोहिया, नगर अध्यक्ष सोनू कसौधा, महामंत्री संदीप अग्रहरी, युवा जिला महामंत्री पवन वैश्य सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT









