Amethi Crime News: गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी,अमेठी में युवक पर ईंट से हमला, कान का हिस्सा कटकर हुआ अलग

Village Dispute Amethi: गाली-गलौज का विरोध करना अमेठी के एक युवक को भारी पड़ गया. मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जब आरोप है कि युवक पर ईंट से हमला कर दिया गया. गंभीर चोट के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Amethi Youth Attack

Newzo

• 11:22 AM • 02 Jun 2026

follow google news

Village Dispute Amethi: अमेठी जिले के कोतवाली क्षेत्र के घाटमपुर कोरारी गिरधारशाह गांव में एक युवक पर हुए हमले में उसका कान गंभीर रूप से घायल हो गया. पीड़ित पक्ष ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाया है.घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया. जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अभय अपने घर के बाहर खड़ा था. आरोप है कि उसी दौरान गांव का ही पवन मिश्रा वहां पहुंचा और अभय के साथ गाली-गलौज करने लगा. अभय द्वारा इसका विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.

यह भी पढ़ें...

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पवन मिश्रा ने ईंट उठाकर अभय पर हमला कर दिया. ईंट सीधे उसके कान पर लगी, जिससे उसे गंभीर चोट आई और कान का हिस्सा कटकर अलग हो गया. हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल अभय को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई. पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. 

इस संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से जानकारी एकत्र की जा रही.