Amethi Minor Girl Missing Case: अमेठी में 16 साल की किशोरी प्रेमी संग फरार, 50 हजार कैश और लाखों के जेवर लेकर हुई गायब, 3 पर केस

Amethi Crime News: अमेठी में एक युवक पर 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है. पीड़िता की माँ के अनुसार, आरोपी युवक अपने पिता और एक अन्य साथी की मदद से किशोरी को 50 हजार रुपये नकद और कीमती जेवरात के साथ ले गया. पुलिस ने तीनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

Amethi Crime News

Newzo

• 10:28 AM • 03 Jun 2026

follow google news

 Amethi News: कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 1 जून की सुबह करीब 11 बजे एक युवक महिला की 16 वर्ष 5 माह की नाबालिग पुत्री को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. महिला का आरोप है कि युवक के पिता और एक अन्य व्यक्ति ने भी इस घटना में उसकी मदद की. तहरीर में कहा गया है कि आरोपी किशोरी को पंजाब मेल एक्सप्रेस (13005) से लेकर प्रदेश से बाहर चले गए.

यह भी पढ़ें...

महिला ने शिकायत में यह भी बताया कि उसकी पुत्री घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की अंगूठी, चेन, झुमकी, मंगलसूत्र, पायजेब समेत अन्य जेवरात भी साथ ले गई है. घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई.  पीड़िता के अनुसार, उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहता है. आरोपित युवक का परिवार से परिचय था और उसका घर के आसपास आना-जाना भी था. महिला का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर युवक ने किशोरी को अपने प्रभाव में ले लिया.

कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आनंद, फूलचन्द्र चौहान और सोनू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 87 एवं 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.