Bareilly News: अविवाहित युवती ने भाइयों-भाभी पर धमकी और उत्पीड़न का लगाया आरोप

Bareilly Property Dispute: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में एक अविवाहित युवती ने भाइयों और भाभी पर संपत्ति विवाद को लेकर उत्पीड़न, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं. एसडीएम से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की मांग की गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

Bareilly Property Rights Case

Newzo

• 06:28 PM • 01 Jun 2026

follow google news

Bareilly Property Dispute: बरेली जनपद की तहसील मीरगंज क्षेत्र के थाना शाही अंतर्गत ग्राम पन्थरा की रहने वाली एक अविवाहित युवती ने अपने सगे भाइयों और भाभी पर उत्पीड़न, गाली-गलौज, धमकी तथा संपत्ति में हिस्सेदारी से वंचित करने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

ग्राम पन्थरा निवासी हेमवती पुत्री मंगली ने एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता की पैतृक कृषि भूमि का बंटवारा हो चुका है और उसे भी जमीन में वैधानिक हिस्सा मिला है. उसके हिस्से की भूमि पर पॉपुलर और यूकेलिप्टस के कई पौधे लगे हुए हैं, जिनकी वह देखभाल कर रही है. आरोप है कि उसके भाई मोहन और कन्हाई लाल तथा भाभी गीता उस पर पेड़ों को कटवाने का दबाव बना रहे हैं. जब उसने पेड़ों को अभी बड़ा होने तक सुरक्षित रखने की बात कही तो उसे धमकाया गया कि भविष्य में लकड़ी में जबरन हिस्सा लिया जाएगा.

पीड़िता का आरोप है कि वह अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर रही है, लेकिन पैतृक मकान में उसे उसका वैधानिक हिस्सा नहीं दिया जा रहा. उसने बताया कि मकान के बंटवारे के तहत बनने वाली आधी दीवार के निर्माण के लिए उसने राजमिस्त्री बुलाया था, लेकिन आरोपियों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और विवाद खड़ा कर राजमिस्त्री को काम छोड़ने पर मजबूर कर दिया.

हेमवती ने अपनी भाभी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह आए दिन उसे अपशब्द कहती है और पेट्रोल डालकर जला देने जैसी धमकियां देती है. इसके अलावा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी भी दी जाती है, जिससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रही है.पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे सुरक्षा प्रदान की जाए. शिकायत के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.