Bareilly Woman Death Case: बरेली, संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Bareilly crime news: बरेली के सिधौली गांव में चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. बरामदे में फंदे से लटका शव मिलने के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Bareilly News

Bareilly News

Newzo

• 06:00 PM • 08 Jun 2026

follow google news

Bareilly crime news:बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव सिधौली में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई.महिला का शव घर के बरामदे में कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, गांव सिधौली निवासी मुकेश कश्यप की शादी करीब 11 वर्ष पहले ग्राम अम्बरपुर निवासी ममता के साथ हुई थी. दंपति के तीन बेटियां और एक बेटा सहित चार छोटे बच्चे हैं. परिवार लंबे समय से दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था और कुछ समय पहले ही गांव वापस आया था. ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे. विवाद बढ़ने पर कई बार मायके पक्ष के लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों के बीच समझौता भी कराया था.

सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने ममता का शव घर के बरामदे में रस्सी से लटका देखा. परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतका के पति मुकेश कश्यप को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.