Bareilly News: बरेली में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख रुपये की अवैध अफीम के साथ झारखंड का तस्कर गिरफ्तार

Bareilly news: बरेली में एएनटीएफ और मीरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 किलो अफीम के साथ झारखंड का अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार किया गया है. बरामद अफीम की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है.

Bareilly Drug Busy

Bareilly Drug Busy

Newzo

• 05:14 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Bareilly news: बरेली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की बरेली यूनिट और थाना मीरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोजमिल अंसारी पुत्र रुस्तम अंसारी निवासी ग्राम लेजांग, थाना बालूमाथ, जनपद लातेहार, झारखंड के रूप में हुई है.आरोपी के पास से 5 किलोग्राम अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन तथा 530 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. 

जानकारी के मुताबिक एएनटीएफ को अवैध अफीम की खेप बरेली लाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के आधार पर एएनटीएफ और मीरगंज पुलिस ने संयुक्त टीम गठित कर निगरानी शुरू की.8 जून 2026 को थाना मीरगंज क्षेत्र के हुरहुरी-सिरौली मार्ग पर गोरा पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई.

इस संबंध में थाना मीरगंज में मु0अ0सं0 274/2026 के तहत धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया.

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह झारखंड के वन क्षेत्रों से अफीम खरीदकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था.उसने बताया कि उसके गांव में बरेली के एक व्यक्ति से संपर्क हुआ था, जिसके कहने पर वह अफीम की खेप लेकर यहां पहुंचा था.आरोपी माल की डिलीवरी करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

इस कार्रवाई में एएनटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव, कांस्टेबल अंकित यादव, कुश कुमार, रसविन्द्र चौधरी, महिला कांस्टेबल छाया, थाना मीरगंज के उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, कांस्टेबल सचिन कुमार तथा सर्विलांस टीम के मुख्य आरक्षी अजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.