Bareilly news: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के एक गांव से11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला प्रकाश में आया है. छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी घर में रखी तीन लाख रुपये की नकदी और करीब छह तोले सोने के जेवर लेकर गायब हुई है. मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री जो कक्षा 11 की छात्रा है, 6 जून को सुबह करीब 11 बजे घर से अचानक लापता हो गई.परिजनों को जब उसके घर पर न होने की जानकारी हुई तो उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका. काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का पता न चलने पर परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
शिकायतकर्ता के अनुसार, बेटी के गायब होने के साथ ही घर में रखी तीन लाख रुपये की नकदी और बड़ी बेटी के लगभग छह तोले सोने के आभूषण भी गायब मिले.उन्होंने बताया कि उक्त नकदी उन्होंने 4 जून को बैंक से ऋण लेकर निकाली थी और घर में सुरक्षित रखी थी.
पीड़ित पिता ने रामपुर जनपद के शाहबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रुस्तमपुर निवासी संदेश यादव, वीरेंद्र, बंटी और विमला पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पूर्व में भी आरोपियों द्वारा उनकी बेटी को अपने साथ ले जाने की धमकी दी गई थी, जिससे उन्हें इन लोगों पर संदेह है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए मीरगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है तथा मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही छात्रा को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा.
ADVERTISEMENT










