Pawan Singh MLC Candidate: बिहार विधान परिषद यानी MLC चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पावर स्टार पवन सिंह की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है. टिकट मिलने से गदगद पवन सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए जनसेवा का संकल्प लिया है. वहीं पावर स्टार को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से उनके करोड़ों चाहने वालों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT
पवन सिंह ने जताया पीएम मोदी और अमित शाह का आभार
बीजेपी की लिस्ट में नाम आने के बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी और संकल्प को साझा किया. पवन सिंह ने लिखा 'आपके विश्वास, स्नेह और मार्गदर्शन को जनसेवा के संकल्प में बदलने का पूरा प्रयास करूंगा.' इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया.
पवन सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस हुए क्रेजी
पवन सिंह को एमएलसी उम्मीदवार बनाए जाने की खबर जैसे ही फ्लैश हुई वैसे ही इंटरनेट पर उनके फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने उनके दबदबे की तारीफ करते हुए लिखा 'एमएलसी साहब... चेहरे पर सादगी, दिल में जनता और नाम में दबदबा.' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा 'आखिरकार शेर की एंट्री हो चुकी है. बधाई हो पवन सिंह सर.'
एक फैन ने अपनी पुरानी भविष्यवाणी को याद किया तो पवन नाम के एक यूजर ने उनकी लोकप्रियता को बयां करते हुए लिखा 'पवन सिंह आज लोकप्रियता के उस मुकाम पर हैं जहां कहा जा सकता है- यू कैन लव हिम, यू कैन हेट हिम बट यू कैन नॉट इग्नोर हिम'
बगावत से लेकर बड़ा इनाम मिलने तक की पूरी कहानी
पवन सिंह को लेकर पिछले कुछ समय से सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं और सस्पेंस बना हुआ था. कभी उनके राज्यसभा जाने की अटकलें तेज थीं तो कभी लोकसभा टिकट और बीजेपी से कथित बगावत को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे. लेकिन तमाम उतार-चढ़ाव के बीच बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह ने पासा पलट दिया. उन्होंने बीजेपी और एनडीए के पक्ष में बैक-टू-बैक कई रैलियां कीं और धुआंधार प्रचार किया.
तभी से यह माना जा रहा था कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें कोई बड़ा संगठनात्मक या विधायी पद दे सकती है. खुद बीजेपी सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने भी कई मौकों पर कहा था कि पार्टी पवन सिंह के योगदान को भूलेगी नहीं और उनके लिए कुछ बड़ा जरूर करेगी. आखिरकार बीजेपी ने उन्हें एमएलसी का टिकट देकर अपनी बात सच साबित कर दी.
ADVERTISEMENT










