Pawan Singh Biopic: भोजपुरी सिनेमा के सबसे पॉपुलर एक्टर और सिंगर पवन सिंह की जिंदगी अब जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है. गरीबी, स्ट्रगल, अनगिनत विवाद, अपार सफलता और फिर सुपरस्टार बनने की कहानी को समेटे उनकी बायोपिक पर काम शुरू हो चुका है. खास बात यह है कि इस फिल्म की शूटिंग पवन सिंह के पैतृक गांव जोखरी में शुरू हुई है और खुद पवन सिंह भी इस दौरान गांव में ही मौजूद हैं. अपने चहेते स्टार को करीब से देखने के लिए उनके गांव में हजारों प्रशंसकों और ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा है जिससे पूरे इलाके का माहौल उत्सव में बदल गया है.
ADVERTISEMENT
जोखरी में उमड़ा फैंस का समंदर
जैसे ही स्थानीय लोगों और आसपास के जिलों के प्रशंसकों को जानकारी मिली कि पवन सिंह अपनी बायोपिक की शूटिंग के लिए खुद अपने गांव जोखरी पहुंचे हैं वहां लोगों का तांता लग गया. गांव के बुजुर्ग, युवा और बच्चे अपने 'पावर स्टार' की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे. शूटिंग सेट पर उमड़ी भारी भीड़ को संभालने और काम में कोई बाधा न आए इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. इस दौरान पवन सिंह ने भी हाथ हिलाकर अपने गांव के लोगों और फैंस का आभार जताया.
पवन सिंह से पावर स्टार बनने तक का सफर
यह बायोपिक पवन सिंह के जीवन के उन अनछुए पहलुओं को सामने लाएगी, जिन्होंने उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री का किंग बनाया. एक सिंपल परिवार से निकलकर और आर्थिक तंगियों से लड़ते हुए उन्होंने कैसे भोजपुरी संगीत और फिल्मों में अपनी धाक जमाई यही इस फिल्म का मुख्य आधार होगा. ग्रामीणों का कहना है कि पवन सिंह चाहे कामयाबी के कितने भी ऊंचे शिखर पर पहुंच गए हों लेकिन उन्होंने कभी अपनी जड़ों को नहीं भुलाया और आज भी वे अपनों के बीच वैसे ही जुड़े हुए हैं.
क्या पर्सनल लाइफ के विवादित पन्ने भी फिल्म में दिखेंगे?
पवन सिंह की बायोपिक को लेकर दर्शकों और समीक्षकों के बीच सबसे बड़ी उत्सुकता इस बात को लेकर है कि क्या फिल्म में सिर्फ उनके करियर के संघर्ष को दिखाया जाएगा या फिर उनकी निजी जिंदगी से जुड़े विवादों को भी जगह मिलेगी? पवन सिंह की पर्सनल लाइफ हमेशा से मीडिया की सुर्खियों में रहा है. फिल्म में इन सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे कि क्या उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह की आत्महत्या का वह झकझोर देने वाला दौर फिल्म का हिस्सा होगा? क्या दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के साथ उनके रिश्ते और लंबे समय तक चले कोर्ट-कचहरी के विवाद को गहराई से दिखाया जाएगा? क्या भोजपुरी की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह के साथ उनके कथित और विवादित रिश्ते पर से भी यह फिल्म पर्दा उठाएगी?
पवन सिंह की जबरदस्त फैन फॉलोइंग
पवन सिंह सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि भोजपुरी संगीत जगत के एक ऐसे ग्लोबल ब्रांड हैं जिनके गानों के रिकॉर्ड देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी टूटते हैं. बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के अलावा ग्लोबल स्तर पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. यही वजह है कि उनकी जिंदगी पर बनने वाली इस फिल्म को लेकर सिनेमा जगत और दर्शकों में भारी हाइप क्रिएट हो गई है. बहरहाल, कड़े सुरक्षा घेरे के बीच पैतृक गांव में फिल्म की शूटिंग तेजी से चल रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर 'पावर स्टार' की यह कहानी क्या नया रिकॉर्ड बनाती है.
ADVERTISEMENT










