Fatehpur Crime News: थाना जहानाबाद पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार थाना जहानाबाद क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव का ही युवक गुलफाम पुत्र सगीर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत जहानाबाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह और किशोरी पहले से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों घर छोड़कर दिल्ली चले गए थे, जहां मजदूरी कर रहे थे. बाद में दोनों वापस लौट आए. पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय गुलफाम पुत्र सगीर निवासी दारागंज थाना जहानाबाद के रूप में हुई है. आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिंदेश कुमार गिरि, महिला कांस्टेबल शिवानी यादव तथा कांस्टेबल प्रियंका सेन शामिल रहीं.
ADVERTISEMENT










