ललितपुर में बनेगा यूपी का पहला फार्मा पार्क, युवाओं को मिलेगा बंपर रोजगार, सीएम योगी की ₹1,766 करोड़ की सौगात

मनीष सोनी

21 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 12:06 PM)

बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने ललितपुर में 1,766 करोड़ रुपये की 221 परियोजनाओं का लोकार्पण किया. साथ ही यूपी के पहले बल्क ड्रग फार्मा पार्क और आयुष फार्मा पार्क की घोषणा कर रोजगार के नए अवसरों का रास्ता खोला.

CM Yogi Announcement

CM Yogi Announcement

Google CTA

बुंदेलखंड की धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास का एक नया अध्याय लिख दिया है. 20 जून को ललितपुर जिले के दौरे पर पहुंचे सीएम योगी ने क्षेत्र को करीब 1,766 करोड़ रुपये की 221 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बेहद बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का पहला 'बल्क ड्रग फार्मा पार्क' ललितपुर में ही स्थापित होने जा रहा है जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस मेगा प्रोजेक्ट के आने से बुंदेलखंड के हजारों युवाओं को अपने ही घर में रोजगार के बेहतरीन अवसर मिलेंगे और उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा. इसके साथ ही उन्होंने आगे चलकर एक अलग 'आयुष फार्मा पार्क' बनाने की भी घोषणा की.

यह भी पढ़ें...

विपक्ष पर गरजे सीएम योगी

ललितपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले प्रसिद्ध तुवन मंदिर गए जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. इसके बाद मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने पुरानी सरकारों के दौर को याद दिलाते हुए कहा 'पूर्व की सरकारों में बुंदेलखंड पूरी तरह माफियाओं के चंगुल में फंसा हुआ था. भू-माफिया, वन माफिया और खनन माफिया इसका बेरहमी से शोषण कर रहे थे. बेरोजगारी और पलायन ही यहां की नियति बन चुकी थी. लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में बुंदेलखंड विकास का नया मॉडल बन रहा है.'

पानी की समस्या का अंत और मेडिकल कॉलेज का तोहफा

मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के बदलते स्वरूप को लेकर बात करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों में यहां की महिलाओं को सिर पर मटका रखकर पानी के लिए मीलों भटकना पड़ता था. लेकिन आज 'हर घर जल योजना' के जरिए पानी की किल्लत को हमेशा के लिए खत्म कर दिया गया है. इसके साथ ही ललितपुर को मेडिकल कॉलेज की भी बड़ी सौगात मिली है.

ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल का किया जिक्र 

जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक साख की जमकर तारीफ की. उन्होंने उत्तर प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर में बन रही ब्रह्मोस मिसाइलों का जिक्र करते हुए एक बड़ा दावा किया. सीएम योगी ने कहा 'उत्तर प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइलें बन रही हैं. जब 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान इन मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया तो इसने पाकिस्तान को ऐसा करारा सबक सिखाया कि वह मदद के लिए गिड़गिड़ाने और खुद को बचाने की भीख मांगने पर मजबूर हो गया. यही नए भारत की असली ताकत है.'