ग्रेटर नोएडा में मुस्लिम दंपति ने मुकेश कुमार को खुलेआम शराब पीने से टोका तो उसने की बदतमीजी... इसके आगे की कहानी चौंका देगी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध करने पर एक दंपत्ति के साथ बदसलूकी की गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीडियो बनाने वाली युवती ने धमकियों का आरोप लगाया है.

अरुण त्यागी

20 Apr 2026 (अपडेटेड: 20 Apr 2026, 05:57 PM)

follow google news

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक व्यस्त मार्केट में 17 अप्रैल की रात जो हुआ उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. खुलेआम शराब पीने से शुरू हुआ यह विवाद अब गिरफ्तारी और धमकी के आरोपों तक पहुंच गया है. यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के व्हाइट ऑर्किड मार्केट की है. रात करीब 11 बजे जब बाजार में लोगों की आवाजाही थी तब एक युवक सरेआम शराब पी रहा था. पास ही मौजूद एक मुस्लिम दंपत्ति ने जब उसे टोकते हुए सार्वजनिक स्थान पर नशा न करने की सलाह दी, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया. दंपत्ति का आरोप है कि युवक ने अपनी गलती मानने के बजाय उनका धर्म पूछ लिया और धार्मिक टिप्पणी करते हुए बहस शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें...

वीडियो वायरल के बाद हुई मुकेश कुमार की गिरफ्तारी

इस पूरे हंगामे को पास खड़ी एक युवती ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैला जिसके बाद नोएडा पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने और शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

वीडियो बनाने वाली युवती को मिल रही धमकियां!

इस मामले में एक नया और गंभीर मोड़ तब आया जब वीडियो रिकॉर्ड करने वाली युवती ने सामने आकर खुद की सुरक्षा पर चिंता जताई. युवती ने एक नया वीडियो जारी कर दावा किया कि उसने केवल सच को सामने लाने के लिए वीडियो बनाया था. वीडियो वायरल होने के बाद से उसे लगातार सोशल मीडिया पर डराया-धमकाया जा रहा है. अज्ञात लोग उसे धमकियां दे रहे हैं, जिसके बाद उसने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है. फिलहाल पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं और युवती को मिल रही धमकियों की जांच कर रही है.