बोर्ड परीक्षाओं के बीच नोएडा में एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर

Noida News: नोएडा के एक दर्जन से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले. CBSE और यूपी बोर्ड परीक्षाओं के बीच मची अफरा-तफरी, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा.

Noida School Bomb Threat

भूपेंद्र चौधरी

19 Feb 2026 (अपडेटेड: 19 Feb 2026, 02:06 PM)

follow google news

Gautam Buddha Nagar News: नोएडा में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक के बाद एक करीब एक दर्जन प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली. सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह धमकी ऐसे समय में मिली है जब वर्तमान में सीबीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं.

यह भी पढ़ें...

सुबह-सुबह पहुंचा धमकी भरा ईमेल

जानकारी के मुताबिक, सुबह जैसे ही स्कूलों ने अपने आधिकारिक ईमेल चेक किए, उनमें बम की धमकी वाला संदेश देख प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. स्कूल प्रबंधनों ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना नोएडा पुलिस को दी. देखते ही देखते शहर के प्रमुख स्कूलों के बाहर पुलिस की पीसीआर और अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई.

ग्राउंड जीरो पर पुलिस और बॉम्ब स्क्वॉड

सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस के आला अधिकारी, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड की कई टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में क्लास रूम को तुरंत खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित रूप से स्कूल के खुले मैदान में ले जाया गया. पुलिस की टीमें कोने-कोने की तलाशी ले रही हैं.

बोर्ड परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भारी चिंता

वर्तमान में अधिकांश स्कूल परीक्षा केंद्र बने हुए हैं, जहां छात्र अपने भविष्य की महत्वपूर्ण परीक्षाएं दे रहे हैं. अचानक हुई इस हलचल और पुलिस की मौजूदगी ने परीक्षार्थियों के मानसिक तनाव को बढ़ा दिया है. स्कूलों के बाहर खड़े अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित नजर आए.

पुलिस का बयान- अफवाहों पर ध्यान न दें

इस मामले पर जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पुलिस सभी प्रोटोकॉल का पालन कर रही है. अब तक की जांच में किसी भी स्कूल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि हमें कुछ स्कूलों में धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना मिली थी. हमारी टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और गहन तलाशी अभियान चलाया गया. अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. हमारी साइबर टीम ईमेल के सोर्स को ट्रैक करने में जुटी है. हम लोगों से अपील करते हैं कि घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें.

साइबर टीम कर रही है जांच

नोएडा पुलिस की साइबर सेल अब उन ईमेल एड्रेस की बारीकी से जांच कर रही है जिनसे ये संदेश भेजे गए. प्राथमिक जांच में यह किसी की शरारत या हॉक्स कॉल होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है.