Fatehpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ एक पत्नी ने घरेलू कलह और रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर अपने ही पति को जिंदा जलाकर मार डाला. यह पूरी घटना मलवा थाना क्षेत्र के तालापुर असवार गांव की है. शुरुआत में इस पूरी घटना को एक साधारण हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस की गहरी जांच में सच सामने आ गया. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
महज 100 रुपये पर हुआ विवाद
आरोपी पत्नी प्रीति ने पुलिस के सामने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि उसका पति बहुत ज्यादा शराब पीता था और आए दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था. घटना वाले दिन पति ने दलेलखेड़ा जाने के किराए के लिए पत्नी से 100 रुपये मांगे थे. प्रीति के पास पूरे पैसे नहीं थे, जिस पर पति ने घर की लाइट वाली बैटरी फेंक दी, तोड़फोड़ मचाई और फुंकनी उठाकर उसे मारने दौड़ा. इस दौरान प्रीति के हाथ में सूजन आ गई और उसकी चूड़ियाँ टूट गईं. प्रीति ने बगल के एक भैया से 50 रुपये उधार मांगे और अपने पैसे मिलाकर पति को 100 रुपये दे दिए. पति उन्हीं पैसों से शराब पीकर आया और फिर से उसके साथ मारपीट की.
जेठानी के बहकावे में रची साजिश
प्रीति ने बताया कि वह पति के रोज-रोज के क्लेश और प्रताड़ना से पूरी तरह तंग आ चुकी थी. इसी बीच पड़ोस में रहने वाली उसकी जेठानी ने उसे बहकाया. जेठानी ने उससे कहा कि वह यह सब कैसे बर्दाश्त कर रही है, उसे अपना डेरा समेटकर चले जाना चाहिए. जेठानी ने ही प्रीति को सलाह दी थी कि कमरे में माचिस से आग लगाकर वह वहां से भाग जाए. इसके बाद जब पति शराब के नशे में कमरे के अंदर सो गया, तो प्रीति ने कमरे में आग लगा दी और बड़ी होशियारी से बाहर से दरवाजा बंद करके चली गई ताकि वह बाहर न निकल सके.
हादसा दिखाने की थी पूरी कोशिश
इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद प्रीति ने इसे हादसा दिखाने के लिए पड़ोसियों की मदद से एक ताना-बाना बुना. वह बैंक में कुछ काम होने की बात कहकर घर से बाहर निकल गई थी. जब वह वापस आई, तो उसने आसपास के लोगों के सामने शोर मचाया कि उसके कमरे में आग लग गई है और उसका पति अंदर फंसा हुआ है. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब उस व्यक्ति की सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. पुलिस को क्राइम सीन पर कुछ साक्ष्य मिले जिससे उन्हें प्रीति पर शक हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने पर प्रीति ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT










