'राम मंदिर में पहले दिन से खेल चल रहा था...,' बृजभूषण सिंह ने राम मंदिर में चोरी को लेकर दिया बयान, मचा हड़कंप!

यूपी तक

• 05:33 PM • 05 Jul 2026

Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सियासत तेज हो गई है. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर में पहले दिन से खेल चल रहा था, इसलिए वह आज तक दर्शन करने नहीं गए हैं.

Google CTA

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासी बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है.  इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल लगातार विश्व हिंदू परिषद, संघ और बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं. इसी बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बयानों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने कहा 'राम मंदिर में पहले दिन से खेल चल रहा था, इसी वजह से आज तक राम जन्मभूमि के दर्शन करने नहीं गए.' इसके साथ ही पुलिस आज कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

यह भी देखें...

राम मंदिर पर सियासी बवाल

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस विवाद की शुरुआत 7 जून को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी. अखिलेश यादव के पोस्ट के तुरंत बाद ही इस पर राजनीति तेज हो गई. इस मामले को लेकर विरोधी दल पूरी तरह हमलावर हैं और वे बीजेपी, आरएसएस तथा वीएचपी को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं. इस सियासी घमासान के बीच अब सबकी नजरें आगामी 6 तारीख पर टिकी हैं, जब चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर ट्रस्ट कोई बड़ा फैसला ले सकता है.

बृजभूषण ने लगाए गंभीर आरोप

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस पूरे मामले में एक विसल ब्लोअर की तरह काम करने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि वह पिछले चार-पांच साल से लगातार प्रशासन के सामने यह बात रख रहे हैं कि राम के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है. बृजभूषण ने आरोप लगाया कि मंदिर में वीआईपी सुरक्षा की तर्ज पर इतने बैरियर लगा दिए गए हैं कि आम जनमानस और गरीब लोग अयोध्या से पूरी तरह कट गए हैं. भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने भ्रष्टाचार के बारे में तब बोला था जब किसी ने नहीं बोला था. यहाँ पहले दिन से ही खेल चल रहा था और इसी वजह से आज तक राम जन्मभूमि के दर्शन करने नहीं गया.' उन्होंने आशंका जताई है कि इस मामले के तार बहुत ऊपर तक जुड़े हैं और खुलकर बोलने पर उन्हें खुद नुकसान हो सकता है. फिलहाल वह जांच पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं.

जेल में आरोपियों से पूछताछ शुरू

चोरी के इस मामले में पुलिस की जांच भी काफी तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला को पहले ही 24 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी. अब कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद जांच अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी अयोध्या जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद बाकी आरोपियों से पूछताछ करने पहुंचे हैं. पुलिस वहां बंद आरोपी लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और करुणेश पांडे से सवाल-जवाब कर रही है. पुलिस की योजना है कि पहले सभी आठों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जाए और बाद में उनके बयानों का मिलान करने के लिए उन्हें आमने-सामने बिठाया जाए.