'साहब मुझसे गलती हो गई...,' आगरा हत्याकांड की आरोपी रूबी ने कोर्ट में जुर्म कबूला, मिली ये सजा

यूपी तक

• 06:45 PM • 05 Jul 2026

Agra Murder Case: आगरा के सिकंदरा में पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने वाली आरोपी रूबी को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पेशी के दौरान वह जज के सामने रो पड़ी और पति की हत्या की बात कबूल कर ली है.

Google CTA

Agra Murder Case: आगरा के सिकंदरा इलाके से आए दिल दहला देने वाले हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है. अपने पति की बेरहमी से हत्या कर शव को बाथरूम में गाड़ने वाली आरोपी रूबी करीब 15 दिनों तक पुलिस को चकमा देती रही. लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसकी इस खौफनाक साज़िश का भंडाफोड़ कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. कल शाम जब रूबी को कोर्ट में पेश किया गया, तो वह जज के सामने बुरी तरह टूट गई और फूट-फूटकर रोने लगी. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

यह भी देखें...

कोर्ट में रोते हुए गुनाह कबूला

गिरफ्तारी के बाद जब रूबी को पुलिस के कड़े पहरे में आगरा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, तो उसकी बॉडी लैंग्वेज पूरी तरह बदली हुई थी. वह साड़ी से अपना मुंह पूरी तरह ढककर और सिर झुकाकर सधे कदमों से आगे बढ़ रही थी. कोर्ट के अंदर जज के सामने पेश होते ही रूबी फूट-फूटकर रोने लगी और पूरी सुनवाई के दौरान बस रोती ही रही. वहाँ मौजूद अभियोजन पक्ष के वकील के अनुसार, रूबी ने जज के सामने रोते हुए अपना गुनाह कबूल किया. रूबी ने अदालत में कहा, 'साहब मुझसे गलती हो गई और मेरे द्वारा जो है मेरा पति शराब पीता था और उससे तंग आकर मैंने उसकी हत्या कर दी है.' सुनवाई के दौरान कोर्ट में रूबी की तरफ से पैरवी करने के लिए कोई भी वकील मौजूद नहीं था. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, उसके हाव-भाव को देखकर पहली नजर में यही लग रहा था कि उसे अपने किए पर पछतावा हो रहा है.

दृश्यम फिल्म देखकर रची थी साजिश

रूबी अपने पति सुरेंद्र शर्मा, दो बेटियों (एक 13 साल और दूसरी करीब 9 साल) और अपनी बुजुर्ग सास के साथ सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में रहती थी. सुरेंद्र को शराब की लत थी और वह आए दिन रूबी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था, जिसकी गवाही पड़ोसी भी देते हैं. 18 तारीख की इस घटना से दो दिन पहले भी सुरेंद्र शराब पीकर आया था और उसने रूबी को पीटा था. इससे तंग आकर रूबी ने फिल्म 'दृश्यम' की कहानी के आधार पर पति को रास्ते से हटाने और सबूत छुपाने की बड़ी प्लानिंग कर डाली. हत्या करने के बाद उसने सबको गुमराह किया कि सुरेंद्र झगड़ा करके ₹5000 लेकर घर से चला गया है. चूंकि यह परिवार राजस्थान से ताल्लुक रखता है, इसलिए रूबी कुछ दिनों के लिए राजस्थान भी चली गई. वापस लौटने पर उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. वह पुलिस के साथ खुद सीसीटीवी फुटेज देखती रही और पति की याद में रोने का नाटक करके जांच को भटकाती रही.

बाथरूम की खुदाई में मिला कंकाल

रूबी की यह साज़िश ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी. मृतक सुरेंद्र के बड़े भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुरेंद्र के खाते से लगातार पैसों का ट्रांजैक्शन हो रहा है. इस बात पर जब पुलिस को शक हुआ, तो उन्होंने दोबारा रूबी के घर पहुँचकर उससे कड़ाई से पूछताछ की. पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे रूबी बिखर गई और उसने सच उगल दिया कि उसने पति की हत्या करके लाश को अपने ही बाथरूम में दबाकर ऊपर से पक्का प्लास्टर करवा दिया है. इसके बाद पुलिस ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट से अनुमति लेकर बाथरूम के फर्श की खुदाई करवाई, जहाँ से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ. पुलिस ने इस कंकाल को एफएसएल (FSL) और डीएनए (DNA) सैंपलिंग के लिए भेज दिया है ताकि वैज्ञानिक रूप से यह साबित हो सके कि यह कंकाल सुरेंद्र शर्मा का ही है. कोर्ट ने रूबी का अपराध प्रथम दृष्ट्या प्रमाणित मानते हुए उसे 14 दिन की जेल भेज दिया है.