Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतु थाना क्षेत्र से हत्याकांड का एक चौकाने मामला सामने आया है. यहाँ चमनगंज गांव में शनिवार देर रात मजदूरी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक मकान मालिक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपियों ने मकान मालिक पर क्रिकेट बैट से लगातार हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.
ADVERTISEMENT
मजदूरी के पैसों पर हुआ विवाद
यह खौफनाक वारदात चमनगंज गांव की है. यहाँ के रहने वाले राम मिलन गुप्ता अपने घर का निर्माण कार्य करवा रहे थे. शनिवार देर रात को मकान के निर्माण में लगे राजमिस्त्री राजाराम और उसके साथी मजदूरों के साथ राम मिलन गुप्ता का पैसों के भुगतान को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि राजमिस्त्री काम के बदले ज्यादा पैसों की मांग कर रहा था. जब मकान मालिक राम मिलन ने अतिरिक्त पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही मिनटों में यह बहस हिंसक झगड़े में बदल गई.
क्रिकेट बैट से किया जानलेवा हमला
दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि आरोपियों ने अपना आपा खो दिया. मजदूरों ने राम मिलन गुप्ता के पास में रखे क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए. आरोपियों ने राम मिलन के सिर और शरीर पर बैट से लगातार कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुँचते और कुछ समझ पाते, तब तक सभी आरोपी वहाँ से फरार हो गए. परिजन गंभीर हालत में राम मिलन को तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
देर रात हुई इस हत्या की खबर से पूरे गांव में सनसनी और दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पीड़ित परिवार की तहरीर पर अंतु थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त रामराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT










