Agra Murder Case: आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी है. हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए महिला ने पति के शव को घर के बाथरूम के अंदर गाड़ दिया और ऊपर से प्लास्टर करवा दिया. आरोपी महिला ने पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए कई तरह के झूठ भी बोले हैं. लेकिन पुलिस ने इस साज़िश का भंडाफोड़ कर दिया है. फिलहाल पुलिस ने बाथरूम की खुदाई करके पति का कंकाल बरामद किया है. इसके साथ ही आरोपी महिला को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
पति के झगड़ों से परेशान थी
यह मामला सिकंदरा की रेणुका धाम कॉलोनी का है. यहाँ रूबी अपने पति सुरेंद्र शर्मा, दो बेटियों (एक 13 साल और दूसरी करीब 9 साल) और अपनी बुजुर्ग सास के साथ रहती थी. शादी के कुछ समय बाद से ही रूबी और सुरेंद्र के बीच झगड़े होने लगे थे. सुरेंद्र को शराब की बुरी लत थी और वह आए दिन रूबी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था. हत्या से दो दिन पहले भी सुरेंद्र शराब पीकर घर आया था और उसने रूबी के साथ मारपीट की थी. रोज़-रोज़ की इस प्रताड़ना से तंग आकर रूबी ने सुरेंद्र की हत्या करने की योजना बना डाली.
दृश्यम फिल्म देखकर छुपाया शव
रूबी ने पति की हत्या करने के बाद सबूत छुपाने के लिए फिल्म 'दृश्यम' की कहानी का सहारा लिया. 18 तारीख को हत्या करने के बाद उसने सबको यह कहकर गुमराह किया कि सुरेंद्र उससे झगड़ा करके 5 हजार रुपये लेकर घर से कहीं चला गया है. उसने सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा को फोन करके बच्चों और माँ को घर के बाहर एक दुकान से ही ले जाने को कहा और उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया. इसके बाद वह खुद भी कुछ दिनों के लिए राजस्थान चली गई. वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही और पति को याद करके रोने का नाटक करती रही. उसने पड़ोस में काम कर रहे मिस्त्री रवि कुमार से बाथरूम में प्लास्टर करवाया और खुद ही बाल्टी भर-भरकर मलबा डालती रही ताकि किसी को शक न हो.
बाथरूम से मिला पति का कंकाल
पुलिस जाँच के दौरान जब रूबी के बयानों में अंतर मिलने लगा, तो पुलिस को उस पर शक हुआ. शुक्रवार को पुलिस जब दोबारा उसके घर पहुँची, तो रूबी का व्यवहार काफी संदिग्ध लगा. मृतक के भाई ने भी पुलिस को कुछ जरूरी जानकारियां दीं. पुलिस ने जब रूबी से कड़ाई से पूछताछ की, तो बाथरूम में शव होने की बात सामने आ गई. पुलिस ने जब बाथरूम का फर्श तुड़वाया, तो अंदर से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ. पुलिस ने रूबी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ उसकी पैरवी के लिए कोई वकील नहीं आया और उसके मायके वालों ने भी उससे दूरी बना ली. कोर्ट ने रूबी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT










