राम मंदिर चढ़ावा विवाद में फिर बोले बृजभूषण शरण सिंह, इशारों-इशारों में लगाए ये गंभीर आरोप... छिड़ गया नया विवाद!

यूपी तक

06 Jul 2026 (अपडेटेड: 06 Jul 2026, 11:46 AM)

Ram Mandir Donation Theft: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है. इस मामले में अब बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी है.

Google CTA

Ram Mandir Donation Theft: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है. इस मामले में अब बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी है. गोंडा में अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और वहां लगाए गए बैरियरों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. बृजभूषण शरण सिंह का कहना है कि सुरक्षा की आड़ में बहुत बड़ा घोटाला किया गया है, जिसने आम जनता को राम मंदिर से दूर कर दिया है. फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है और उन्होंने जांच रिपोर्ट आने के बाद बड़ा खुलासा करने की बात कही है.

यह भी देखें...

सुरक्षा की आड़ में बड़ा घोटाला

बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर तीखे सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को पीएम हाउस और राष्ट्रपति भवन की तर्ज पर कड़ा करने का सिर्फ एक बहाना बनाया गया था. उनका कहना है कि इस भारी सुरक्षा और बैरिकेडिंग को लगाने के पीछे एक खास उद्देश्य था, जिसकी आड़ में बहुत बड़ा घोटाला और भ्रष्टाचार किया गया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि यह सब कुछ किसी के इशारे पर किया जा रहा है.

बैरियर से कटा आम जनमानस

पूर्व सांसद ने कहा कि इस कड़े बैरियर सिस्टम का सबसे बड़ा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा है. इन भारी बंदिशों के कारण आज गरीब और आम जनमानस राम मंदिर और अयोध्या से पूरी तरह कट गया है. उन्होंने बताया कि वह पिछले चार-पांच सालों से देवीपाटन, बाराबंकी और अंबेडकर नगर जैसे क्षेत्रों के लोगों के साथ हो रहे इस व्यवहार का मुद्दा उठा रहे हैं. उन्होंने रंग महल मंदिर के सामने लगे बैरियर का उदाहरण देते हुए कहा कि इसे दूसरी जगह भी लगाया जा सकता था, लेकिन जानबूझकर ऐसा किया गया है.

जांच पूरी होने का है इंतजार

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस विवाद के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपना इस्तीफा दे दिया है, जिस पर अंतिम फैसला राष्ट्रीय स्वयंसेवक की संघबैठक में लिया जाएगा. इस पूरे मामले पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि फिलहाल जांच चल रही है, इसलिए अभी उनका ज्यादा बोलना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि वह अयोध्या की गली-गली से वाकिफ हैं और जांच पूरी होने के बाद वे दोबारा खुलकर बोलेंगे कि यह जांच सही हुई या गलत.