Bijnor Murder Case: शादी और एक नई जिंदगी का सपना लेकर मुंबई से उत्तर प्रदेश के बिजनौर पहुंची एक 35 वर्षीय महिला की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी. पेशे से नर्स सना उर्फ शमीम खान 29 मई को अपने प्रेमी फैजल उर्फ समीर से शादी की बात पक्की करने बिजनौर आई थी, लेकिन आरोपी ने बहाने से उसे एक सुनसान खेत में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया और शव को गड्ढे में दफना दिया. मुंबई के ओशिवारा थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद, पुलिस की तफ्तीश में इस दर्दनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है.
ADVERTISEMENT
मुंबई में हुआ था प्यार, शादी के वादे से मुकरने लगा था प्रेमी
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, मुंबई की रहने वाली 35 वर्षीय सना की मुलाकात कुछ महीने पहले बिजनौर के नारायणपुर गांव निवासी फैजल से हुई थी. बातचीत से शुरू हुआ यह सिलसिला प्यार में बदल गया और फैजल ने उसे शादी का पक्का भरोसा दिलाया था. लेकिन वक्त के साथ फैजल अपने वादों से मुकरने लगा और बहाने बनाकर शादी की बातों को टालने लगा. रिश्ते को बचाने और अंतिम फैसला करने के लिए सना 29 मई को सैकड़ों किलोमीटर दूर मुंबई से बिजनौर पहुंच गई. स्टेशन पर पहुंचने के बाद सना ने फैजल को फोन किया, जिसके बाद आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर गांव से दूर एक सुनसान इलाके की तरफ ले गया.
विवाद के बाद खेत में की हत्या, सुबूत मिटाने के लिए दफनाया शव
फतेहपुर सभाचंद गांव के सुनसान जंगल में पहुंचने के बाद दोनों के बीच रिश्ते और शादी को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. सना ने अपनी जिंदगी के अहम फैसले इसी रिश्ते के भरोसे लिए थे और वह हर हाल में साथ रहना चाहती थी, लेकिन फैजल इस रिश्ते को अपनाने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं था. पुलिस जांच के अनुसार, इसी विवाद के दौरान फैजल ने सना की हत्या कर दी और सुबूत छिपाने के इरादे से उसके शव को पास ही गन्ने के एक खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया. हत्या के बाद आरोपी वहां से चला गया, जबकि मुंबई में महिला का परिवार लगातार उससे संपर्क करने की नाकाम कोशिश कर रहा था.
लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड से खुला राज, पुलिस ने बरामद किया शव
काफी दिनों तक संपर्क न होने पर परिवार ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस जांच में आखिरी लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर मुंबई पुलिस की एक टीम 12 जून 2026 को बिजनौर के मंडावर थाने पहुंची. मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, "अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि 29 मई को जब महिला उससे मिलने आई तो उनका आपस में विवाद हुआ, विवाद के उपरांत उसने महिला की हत्या कर दी और शव को खेत में दबा दिया." पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गन्ने के खेत में देर रात खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT









