Bareilly gas crisis: शादी वाले घरों में गैस का संकट! शादी का कार्ड दिखाकर सिलेंडर के लिए गुहार लगा रहे परिजन

Bareilly LPG shortage: बरेली में शादी के सीजन की शुरुआत के साथ रसोई गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है. सिलेंडर के लिए लोग शादी के कार्ड लेकर पूर्ति कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं. प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए जांच सख्त कर दी है और प्राथमिकता के आधार पर शादियों के लिए सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

Bareilly News

Newzo

• 05:57 PM • 14 Apr 2026

follow google news

Bareilly LPG shortage: बरेली: शादियों के सीजन की शुरुआत से पहले ही शहर में रसोई गैस की किल्लत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होने के बाद 15 अप्रैल से मांगलिक कार्यों का दौर शुरू हो रहा है. लेकिन गैस सिलेंडर की कमी शादी वाले परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. हालात यह हैं कि परिजन शादी के कार्ड लेकर पूर्ति कार्यालय और गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें...

कलेक्ट्रेट और तहसील में लगी भीड़

शादी वाले घरों में बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है. इसके बावजूद सिलेंडर पाने के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है. तहसील सदर और जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) कार्यालय में सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है. कई परिवार प्रार्थना पत्र के साथ शादी का निमंत्रण पत्र दिखाकर जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं.

प्रशासन ने शुरू की सख्त जांच

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोल दिए हैं. साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने और वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ देने के लिए जांच प्रक्रिया सख्त कर दी गई है. डीएसओ मनीष कुमार सिंह के अनुसार, प्रत्येक आवेदन और शादी के कार्ड का सत्यापन किया जा रहा है. पूर्ति निरीक्षक मौके पर जांच करने के बाद ही सिलेंडर की अनुमति दे रहे हैं.

शादी वाले घरों को प्राथमिकता

पूर्ति विभाग का कहना है कि 16 अप्रैल और उसके बाद जिन परिवारों में शादियां हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है. विभाग लगातार कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटा है, ताकि किसी भी परिवार के मांगलिक कार्यक्रम में परेशानी न हो. गैस की किल्लत के बीच प्रशासन की कोशिश है कि जरूरतमंद परिवारों को समय पर सिलेंडर मिल सके और शादी की खुशियों में कोई बाधा न आए.