Bareilly Brutal Assault: बरेली में दबंगों का कहर: युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, हालत नाजुक

Bareilly News: बरेली के बहेड़ी में मामूली विवाद के बाद दबंगों ने बैंक कर्मी सतेंद्र कुमार पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक फिलहाल मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

Bareilly News

Newzo

• 07:04 PM • 10 Apr 2026

follow google news

Bareilly News: बरेली बहेड़ी थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद दबंगों द्वारा युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रसूलपुर निवासी सुरेंद्र कुमार के भाई सतेन्द्र कुमार, जो भारतीय स्टेट बैंक बहेड़ी में कार्यरत हैं. मंगलवार रात करीब 8 बजे अपना सीएससी सेंटर बंद कर चौधरी होटल पर खाना खाने पहुंचे थे. बताया जाता है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे मोहम्मदपुर गौटिया निवासी अंकित कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और सतेन्द्र कुमार से गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने सतेन्द्र कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी.

मारपीट से बचने के लिए सतेन्द्र कुमार मोटरसाइकिल से वहां से निकल गए. लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया और बहेड़ी बाईपास रोडवेज बस स्टैंड के पास उन्हें रोक लिया. आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने सतेन्द्र कुमार के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत आरआर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया. चिकित्सकों के अनुसार सतेन्द्र कुमार की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में वेंटीलेटर पर भर्ती हैं.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.