Bareilly News Today: थाना सीबीगंज थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम बच्ची से छेड़छाड़ और उसे जबरन घर में खींचने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने अनुराग आर्य से शिकायत की. एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित परिवार के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला सुभान (पुत्र भूरा उर्फ बबली) काफी समय से उनकी 11 वर्षीय बेटी पर बुरी नजर रखता था और आए दिन गलत हरकतें करता था. परिवार द्वारा कई बार विरोध करने के बावजूद आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ.
बच्ची का हाथ पकड़कर जबरन अपने घर में खींचने का प्रयास
बताया गया कि 30 मार्च की रात करीब 9 बजे आरोपी ने बच्ची का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन अपने घर में खींचने का प्रयास किया. बच्ची के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के फरार होने की बात कहकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. जब पीड़ित परिवार थाने पहुंचा तो उन्हें अगले दिन आने को कहकर टाल दिया गया.
पीड़ित पक्ष का पुलिस पर आरोप
पीड़िता के पिता का आरोप है कि 31 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे आरोपी 8-10 साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी के साथ भी मारपीट की गई. परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों की शिकायत पर उल्टे पड़ोसी के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया और उसका शांति भंग में चालान कर दिया.
“जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी”
थाना स्तर पर सुनवाई न होने और आरोपियों द्वारा लगातार धमकी दिए जाने से परेशान परिवार ने अनुराग आर्य से मुलाकात कर पूरी घटना बताई. परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए. एसएसपी के निर्देश के बाद थाना सीबीगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.
बच्ची और परिवार मानसिक तनाव में
घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है. परिजनों का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे बच्ची और परिवार मानसिक तनाव में है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









