साइबर जाल में फंसा ग्रामीण, अज्ञात ठग ने आधार से जोड़ा अपना नंबर... खाते से निकाले 20 हजार रुपये

Bareilly Cyber Fraud: बरेली के मीरगंज के सिधौली में आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) के जरिए ग्रामीण के बैंक खाते से 20 हजार रुपये की साइबर ठगी.

Cyber Fraud

Newzo

• 08:08 PM • 04 Apr 2026

follow google news

Bareilly Cyber Fraud: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है. जहां एक ग्रामीण के बैंक खाते से आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के जरिए 20 हजार रुपये निकाल लिए गए. पीड़ित ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, सिधौली निवासी पंकज कुमार पुत्र हीरालाल गंगवार का खाता भारतीय स्टेट बैंक की मीरगंज शाखा में है. पीड़ित के अनुसार, उनके खाते से दो अलग-अलग तारीखों में कुल 20,000 रुपये अवैध रूप से निकाल लिए गए. पहली घटना 28 मार्च 2026 की बताई गई है जब ट्रांजैक्शन आईडी 4899506105217 के माध्यम से 10,000 रुपये निकाले गए. इसके बाद 2 अप्रैल 2026 को ट्रांजैक्शन आईडी 489949105219 के जरिए फिर 10,000 रुपये निकाल लिए गए.

पीड़ित का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर अपना मोबाइल नंबर 9279178369 लिंक कर लिया और AEPS के जरिए रकम निकाल ली. खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने पर पंकज कुमार ने तत्काल बैंक से संपर्क किया और बाद में थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी. पीड़ित ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.

मीरगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. क्षेत्र में लगातार बढ़ रही इस तरह की साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है.