Bareilly news today: चाइनीज मांझे से लगातार हो रहे हादसों को गंभीरता से देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. शासन के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जल्द ही सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य 'खूनी मांझा' के नाम से कुख्यात चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित करना है.
ADVERTISEMENT
प्रशासन के अनुसार, चाइनीज मांझा न केवल इंसानों के लिए बल्कि पक्षियों के लिए भी घातक है. बाजार में मिलने वाला यह मांझा देशी मांझे की तुलना में सस्ता और मजबूत होने के कारण पतंगबाज इसे प्राथमिकता देते हैं, लेकिन इसकी मजबूती हादसों की मुख्य वजह बन रही है.
दुपहिया चालकों के लिए भी यह गंभीर खतरा है. ओवरब्रिज और सड़कों पर बाइक सवार अक्सर मांझे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं. वहीं, आसमान में उड़ते पक्षी भी इस मांझे में फंसकर चोटिल या मृत हो जाते हैं. चोरी-छिपे गोदामों और दुकानों से चाइनीज मांझे की बिक्री अभी भी जारी है, जिस पर प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है.
हेल्पलाइन, स्कूल जागरूकता और थाने स्तर पर चलेगा जागरूकता अभियान
एडीएम सिटी सौरभ दुबे के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएंगे, ताकि लोगों द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री की सूचना दी जा सके. स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे. थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अभियान के दौरान पकड़े जाने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
चाइनीज मांझे के दोषियों को बख्शे नहीं जाएंगे
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों को रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. क्षेत्रवार टीमों का गठन कर दिया गया है और पकड़े जाने वाले दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT









