Bareilly News: बरेली जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अधेड़ व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई 06 अप्रैल 2026 की रात को रामलीला मैदान में की गई.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक दिनकर के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बरखन तिराहे पर एक मुखबिर ने सूचना दी कि रामलीला ग्राउंड में एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ बैठा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कलीम हैदर (55 वर्ष) पुत्र अहमद अली निवासी ग्राम जरेली, थाना नवाबगंज बताया. तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकता था. लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित घटना टल गई. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है.
ADVERTISEMENT









