बरेली जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताज़ा मामला थाना किला क्षेत्र के कुंवरपुर मोहल्ले का है, जहां लक्ष्मीनारायण मार्ग वाली गली में एक खूंखार आवारा कुत्ते ने दहशत फैला दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को काट चुका है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
कुंवरपुर निवासी अभिमन्यु चंद्रवंशी ने बताया कि कुछ दिन पहले इस कुत्ते ने उनकी मां सुनीता देवी पर पीछे से हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गईं. इसके बाद सोमवार सुबह कुत्ते ने फिर हमला करते हुए उनके पिता अनिल कुमार और बहन ऐश्वर्या को भी काट लिया. तीनों घायलों के हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.
कई लोगों ने गली से गुजरना किया बंद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुत्ता अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर देता है, जिससे गली में निकलना तक मुश्किल हो गया है.आवारा कुत्ते के आतंक से लोग भयभीत हैं. कई लोगों ने गली से गुजरना बंद कर दिया है,बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं,लोग मुख्य मार्ग छोड़कर लंबा रास्ता अपनाने को मजबूर हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुत्ता विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बना रहा है, जिससे खतरा और बढ़ गया है.
नगर निगम में कई बार शिकायत लेकिन कार्रवाई नहीं
क्षेत्रीय निवासी लवलेश सक्सेना ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.उन्होंने बताया कि हमने कई बार नगर निगम को जानकारी दी है कि कुत्ता हिंसक हो चुका है, लेकिन कोई टीम नहीं भेजी गई. प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है क्या?
आवारा कुत्ते को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में आवारा कुत्तों के साथ-साथ बंदर और गोवंशीय पशु भी बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं. इससे आए दिन सड़क हादसे और लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नहीं दिख रहा है. क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल टीम भेजकर आवारा कुत्ते को पकड़ने और लोगों को राहत दिलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.
ADVERTISEMENT









