बरेली में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला, विवाहिता और मासूम बेटी की हत्या के प्रयास का आरोप, एडीजी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

बरेली के बहेड़ी में दहेज के लिए दरिंदगी. विवाहिता अंजलि ने पति और ससुराल वालों पर ₹4 लाख की मांग और हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है. शराब के नशे में मारपीट और मासूम बेटी को जान से मारने की कोशिश के बाद, एडीजी के आदेश पर मुकदमा दर्ज.

Bareilly News

Newzo

• 05:52 PM • 14 Apr 2026

follow google news

Bareilly News: बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है. थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़िया नवी बख्श/वहापुर निवासी विवाहिता अंजलि ने अपने पति और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

पीड़िता अंजलि के अनुसार, उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व वहापुर निवासी शोभाराम से हुई थी. अंजलि का कहना है कि उसकी विधवा मां ने शादी में लगभग आठ लाख रुपये खर्च किए थे. लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त चार लाख रुपये की मांग करने लगा.आरोप है कि पति शोभाराम, सास सोमवती, देवर आकाश, ननद पूनम तथा नंदोई पुष्पेंद्र मिलकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे.

अंजलि ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में रोजाना मारपीट करता था और कई बार उसे कमरे में बंद कर भूखा रखा गया. दो बेटियों के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि 1 सितंबर 2025 को आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी तीन वर्षीय बेटी मन्नत को जान से मारने की कोशिश की. विरोध करने पर अंजलि को जमीन पर पटक दिया गया जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.

पीड़िता ने यह भी बताया कि 17 मार्च को ससुराल वालों ने उसके जेवर छीनकर उसे घर से निकाल दिया. इसके बाद अंजलि अपनी मां मीना देवी के साथ रमित शर्मा, एडीजी जोन बरेली से मिली और न्याय की गुहार लगाई. एडीजी के आदेश पर बहेड़ी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.