Bareilly Crime News: बरेली में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, 9 साल के मासूम और मां से मारपीट; जान से मारने की धमकी

Newzo

• 03:57 PM • 12 Apr 2026

Bareilly News: बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद के बाद दबंगों ने 9 वर्षीय मासूम और उसकी मां के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

UP Tak
Google CTA

Bareilly News: बरेली थाना भमोरा थाना क्षेत्र के ग्राम वाहनपुर में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. आरोप है कि दबंगों ने 9 वर्षीय मासूम और उसकी मां के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम वाहनपुर निवासी मदनलाल का 9 वर्षीय बेटा अवदेश शनिवार की शाम करीब 5 बजे गांव में अन्य बच्चों को वॉलीबॉल खेलते देख रहा था. इसी दौरान बच्चों के बीच हंसी-मजाक होने लगा, जिसे देखकर वहां मौजूद प्रकाश का करीब 15 वर्षीय बेटा भड़क गया. 

आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए मासूम अवदेश को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया. अचानक हुए इस हमले से बच्चा घायल हो गया और मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए.

घटना की जानकारी मिलने पर अवदेश की मां रेखा शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची. आरोप है कि वहां मौजूद प्रकाश के भाई प्यारे और अनिल ने शिकायत सुनने के बजाय उल्टा रेखा और उसके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित परिवार का कहना है कि दोनों ने मां-बेटे को बेरहमी से पीटा और भविष्य में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी.

घटना के बाद घायल बच्चे को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहीं पीड़ित पिता मदनलाल ने भमोरा थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी प्रकाश के बेटे, प्यारे और अनिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है.

थाना पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: बरेली में युवती के अपहरण का सनसनीखेज मामला, बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में FIR दर्ज