Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम सिंघौली में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी. अज्ञात चोर दोनों मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए. पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का खुलासा करने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
गांव निवासी मोहम्मद अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी रुखसाना का मकान अलग है, जिसमें परिवार के लोग नहीं रहते हैं. 24/25 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए. सुबह जब मोहम्मद अहमद मकान पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था.
इसी रात गांव में दूसरी चोरी की घटना हसीन बानो पत्नी याकूब अली के घर में हुई. बताया गया कि हसीन बानो अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में सो रही थीं. रात करीब दो बजे के आसपास चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए. सुबह करीब 6:30 बजे जब परिवार के लोग मकान पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई.
एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष और भय का माहौल है. पीड़ितों ने थाना मीरगंज में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ADVERTISEMENT











