Bareilly Crime News: मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
पीड़िता के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर पर अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी सुनील शर्मा, पुत्र जानकी प्रसाद, कथित रूप से गलत नीयत से उसके घर में घुस आया. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और अनुचित तरीके से हाथ लगाया. विरोध करने और शोर मचाने पर उसकी सास मौके पर पहुंच गईं.
महिला का आरोप है कि सास के पहुंचने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की. शोर-शराबा बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. जाते समय उसने कथित रूप से महिला के पति को जान से मारने की धमकी भी दी.
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और पहले भी उसके परिवार को परेशान करता रहा है. घटना के बाद उसने थाना मीरगंज पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की.
इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











