Bareilly Minor Missing Case: बरेली में 16 साल की नाबालिग लापता, 10 दिन तक पुलिस ने नहीं लिखी FIR, SSP के आदेश पर दर्ज हुआ केस

Bareilly News: बरेली के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के गायब होने के मामले में पुलिस पर 10 दिन तक मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगा है. एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने तलाश के लिए टीम गठित कर दी है.

Newzo

• 04:50 PM • 10 Apr 2026

follow google news

Bareilly News: बरेली जिले के शेरगढ़ थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत के बावजूद पुलिस ने करीब 10 दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया. बाद में पीड़ित मां द्वारा अनुराग आर्य से शिकायत करने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

यह भी पढ़ें...

पीड़िता की मां के अनुसार, गांव की दो महिलाओं और एक अज्ञात युवक पर उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप है. बताया गया कि गांव की एक महिला और उसकी बेटी ने नाबालिग का संपर्क एक अज्ञात युवक से कराया था. आरोप है कि उक्त महिलाओं ने नाबालिग को मोबाइल फोन भी दिलवाया, जिसके माध्यम से वह युवक से लगातार बातचीत करती रही.

मां का कहना है कि 31 मार्च 2026 को उन्होंने अपनी बेटी को मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ लिया और मोबाइल छीन लिया. इसके कुछ देर बाद जब वह दूसरे घर से वापस लौटीं तो उनकी बेटी घर से गायब मिली. परिजनों को आशंका है कि आरोपी महिलाओं और युवक ने मिलकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा दिया.

पीड़िता के परिवार ने तत्काल शेरगढ़ थाने में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. बेटी के गायब होने से चिंतित मां लगातार थाने के चक्कर लगाती रही, मगर सुनवाई नहीं हुई. परिजनों ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई.

आखिरकार पीड़ित मां ने एसएसपी अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई. एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि नाबालिग की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: बलिया में मतदाता सूची अपडेट, SIR पुनरीक्षण के बाद संख्या बढ़कर 21.68 लाख, नई लिस्ट जारी