Bareilly news: रोहिलखंड अस्पताल के पास लावारिस शव मिलने से हड़कंप, 35 वर्षीय युवक की मौत पर छाया रहस्य

Baradari police station news: बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में रोहिलखंड अस्पताल के पास सड़क किनारे करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Newzo

• 05:39 PM • 16 Apr 2026

follow google news

Baradari police station news: बरेली थाना बारादरी क्षेत्र के रोहिलखंड पुलिस चौकी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब रोहिलखंड अस्पताल के पास एक करीब 35 वर्षीय युवक का शव लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला. सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को अचेत अवस्था में देखा. काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

यह भी पढ़ें...

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने से उसकी पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस को शिनाख्त करने में कठिनाई हो रही है.

नशे का आदी होने की चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से आसपास के इलाके में घूमता दिखाई देता था और भीख मांगकर जीवन यापन करता था. कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई कि युवक नशे का आदी हो सकता है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. वहीं पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी रजिस्टर की मदद से मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.