Barabanki News: बाराबंकी में 5 साल से सड़क बनी नाला! जुरौंडा गांव में गंदे पानी से लोग बेहाल, शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं

Barabanki road waterlogging: बाराबंकी के रामनगर तहसील क्षेत्र के जुरौंडा गांव में पिछले पांच वर्षों से मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी हो रही है. कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जबकि खंड विकास अधिकारी ने जांच कर जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है.

Newzo

• 01:04 PM • 17 Apr 2026

follow google news

Barabanki road waterlogging: तहसील रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत जुरौंडा में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब हो गई है. गांव की मुख्य डामर सड़क पर पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से नालियों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे हजारों ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि आने-जाने वाले राहगीरों, खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है.

यह भी पढ़ें...

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रिंकू सिंह एवं ग्राम प्रधान रंजना सिंह और सूरतगंज ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह से लिखित शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. नाली का पानी लगातार सड़क पर फैल रहा है, जिससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है.

सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप

स्थिति और भी चिंताजनक तब हो जाती है जब सामुदायिक शौचालय के पास भारी मात्रा में गंदा पानी जमा रहता है. शौचालय स्वयं भी लंबे समय से बंद पड़ा है और उसकी नियमित सफाई नहीं हो रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी गांव में आते ही नहीं हैं और ग्राम प्रधान भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं.

सड़क पर बहते गंदे पानी से ग्रामीण परेशान

ग्रामीण करण सिंह, रिंकू गौतम, केशन, अयोध्या प्रसाद और झगरू गौतम सहित कई लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है. ग्रामीण रामप्रताप ने बताया इसकी शिकायत हमने लिखित की है करीब 5 वर्ष हो रहे हैं, गंदा पानी नालियों का सड़क मार्ग पर बह रहा है. कोई सुनवाई नहीं हो रही. 

श्रद्धालुओं को भी हो रही भारी असुविधा

गांव के मंदिर तक जाने का रास्ता भी इसी सड़क से होकर गुजरता है, जिससे श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा हो रही है. ग्रामीण करण सिंह का कहना है जब भी कोई गाड़ियां निकलती हैं तो गंदा पानी दुकान में हमारी आ जाता है सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए. 

जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा: खंड विकास अधिकारी

इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी सचिन सत्यदेव प्रसाद से भी शिकायत की ग्रामीण ने लेकिन समस्या हल नहीं हुई. इस संबंध में खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया इसकी जांच की जाएगी, जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा.