Om Prakash Rajbhar: प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी का दौर बहुत तेज हो गया है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर इन दिनों समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं. 11 जुलाई को बलिया पहुंचे ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है. हालांकि, कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्हें सपा कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा है. मंच पर पहुंचते ही राजभर ने सपा के शीर्ष नेताओं के साथ अपने पुराने गठबंधन टूटने और उनकी कार्यशैली पर खुलकर अपनी बात रखी है.
ADVERTISEMENT
सपा कार्यकर्ताओं ने किया भारी विरोध
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बलिया पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके आगमन का जमकर विरोध किया. सपा कार्यकर्ताओं ने राजभर के काफिले के सामने खड़े होकर काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की है. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने और मंत्री के काफिले को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी है.
सपा के शीर्ष नेताओं पर निशाना
मंच पर भाषण देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव दिन में तो भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बोलते हैं, लेकिन रात के समय वे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुलदस्ता भेंट करते हैं. उन्होंने रामगोपाल यादव द्वारा गृह मंत्री अमित शाह को दी गई एक चिट्ठी का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसमें अपने परिवार को जेल जाने से बचाने की गुहार लगाई गई थी.
अखिलेश यादव की राजनीति पर तंज
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के काम करने के तरीके पर तीखा तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव AC कमरों में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं और दोपहर 12 बजे सोकर उठने के बाद सिर्फ सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हैं. राजभर ने कहा कि जब तक अखिलेश यादव सोकर उठते हैं, तब तक वे खुद चार जिलों का दौरा कर चुके होते हैं. उन्होंने पुराने गठबंधन पर कहा कि सपा ने उन्हें तलाक दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. राजभर ने कहा कि वे गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को बता रहे हैं कि आज का गांव विकास की तरफ जा रहा है, जबकि सपा और कांग्रेस इसे विनाश की तरफ ले जा रहे थे.
ADVERTISEMENT










