Ayodhya Tikki Recipe: अयोध्या की लाजवाब टिक्की बनाने का ये है सबसे आसान तरीका, नोट कर लें इसकी रेसिपी

Ayodhya Special: अयोध्या सिर्फ भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि अपने लाजवाब खानपान के लिए भी प्रसिद्ध है. ODOC योजना में शामिल यहां की मशहूर आलू टिक्की अपनी कुरकुरी परत और बेहतरीन स्वाद के लिए जानी जाती है. जानिए इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी.

Ayodhya Tikki Recepie

यूपी तक

• 01:27 PM • 26 May 2026

follow google news

Ayodhya Tikki Recipe:अयोध्या भारत के सबसे पुराने और धार्मिक शहरों में से एक है. मान्यता है कि यही भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है. सरयू नदी के किनारे बसा यह शहर अपनी आस्था, संस्कृति और इतिहास के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. लेकिन अयोध्या सिर्फ धार्मिक महत्व के लिए ही नहीं बल्कि अपने स्वादिष्ट खानपान के लिए भी मशहूर है. यहां मिलने वाली आलू की टिक्की लोगों को खूब पसंद आती है. यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन यानी (ODOC)  योजना के तहत अयोध्या की प्रसिद्ध टिक्की को जिले के खास व्यंजन के रूप में चुना है. 

यह भी पढ़ें...

बाहर से कुरकुरी और अंदर से मुलायम यह टिक्की खाने वालों को अपना दीवाना बना देती है. अयोध्या की टिक्की का असली स्वाद उसकी कुरकुरी परत और मुलायम अंदरूनी हिस्से में छिपा होता है. इसे धीमी आंच पर पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. हरी और मीठी चटनी के साथ इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. यही वजह है कि अयोध्या आने वाले ज्यादातर लोग इस टिक्की का स्वाद जरूर चखते हैं.

घर पर स्वादिष्ट टिक्की कैसे बनाएं?

अगर आप भी  टिक्की का स्वाद घर पर लेना चाहते हैं, तो इसे बहुत आसानी से बना सकते हैं.

टिक्की बनाने के लिए सामग्री. उबले हुए आलू,2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर,1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर,1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर,आधा छोटा चम्मच गरम मसाला,स्वादानुसार नमक,बारीक कटा हरा धनिया,तेल या घी. 

2. हरी चटनी बनाने के लिए हरा धनिया ,पुदीना, 2 हरी मिर्च, को एक साथ पीस लें.फिर स्वाद अनुसार नमक डालकर इसे तैयार कर लें. वहीं मीठी चटनी बनाने के लिए इमली का गूदा, गुड़, भुना जीरा, काला नमक मिला लें.

3. अब उबले हुए आलुओं को छीलकर अच्छी तरह मसल लें. कोशिश करें कि आलू में कोई गांठ न रहे. इससे टिक्की अच्छी बनेगी. फिर आलू में नमक, लाल मिर्च, भुना जीरा, गरम मसाला, हरा धनिया और कॉर्नफ्लोर डालें. फिर सभी चीजों को अच्छे से मिला लें.

4. अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का दबाकर टिक्की का आकार दे दें. चाहें तो बीच में मटर या मसालेदार चना भी भर सकते हैं.

5. एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल या घी डाल दें. तैयार टिक्कियों को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं. जब एक तरफ से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए तो पलट दें. दूसरी तरफ भी इसी तरह सेंक लें.

6. अब गरमागरम टिक्की को प्लेट में रखें. इसके ऊपर हरी चटनी, मीठी चटनी, बारीक कटा प्याज और हरा धनिया डालें. अगर पसंद हो तो थोड़ा दही भी डाल सकते हैं.