आगरा जिप लाइन हादसे के बाद प्रशासन ने लिया ये सख्त फैसला, एडवेंचर पार्क में 45 फीट ऊपर से गिरकर हुई थी कुनाल अग्रवाल की मौत

यूपी तक

26 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Zip Line Safety failure Agra: आगरा के ताजनगरी फेज-2 स्थित चौपाटी में रविवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जिप लाइन की सेफ्टी बेल्ट का हुक टूटने से फिरोजाबाद के एक 16 वर्षीय किशोर कुनाल अग्रवाल की 45 फीट की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई.

Agra Chaupati accident news

Agra Chaupati Accident News

Google CTA

Agra Chaupati Accident News: आगरा के ताजनगरी फेज-2 स्थित चौपाटी में रविवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां जिप लाइन की सेफ्टी बेल्ट का हुक टूटने से फिरोजाबाद के एक 16 वर्षीय किशोर कुनाल अग्रवाल की 45 फीट की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई. इस भीषण हादसे के बाद आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने कड़ा एक्शन लिया है. एडीए प्रशासन ने अग्रिम आदेशों तक चौपाटी परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया है और मुख्य प्रवेश द्वार समेत टिकट काउंटर पर ताला जड़ दिया गया है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने एडीए सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जिसे दो दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

मोबाइल में कैद हुआ खौफनाक मंजर

यह घटना रविवार शाम की है, जब फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल का बेटा कुनाल अपने परिवार के साथ आगरा घूमने आया था. वह चौपाटी के भीतर जिप लाइन झूले पर चढ़ा था. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक जैसे ही कुनाल जिप लाइन पर आगे बढ़ा, अचानक उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक टूट गया. हुक टूटते ही कुनाल हवा में असंतुलित होकर रेलिंग से टकराया और करीब 45 फीट की ऊंचाई से सीधे सिर के बल नीचे जा गिरा. उस वक्त नीचे खड़े कुनाल के माता-पिता और भाई उसका वीडियो बना रहे थे, जिससे यह पूरा हादसा मोबाइल में लाइव रिकॉर्ड हो गया. 

न एंबुलेंस मिली, न मिला फर्स्ट एड

इस भयावह हादसे ने एडीए चौपाटी की सुरक्षा व्यवस्थाओं और इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है. मृतक के पिता पंकज अग्रवाल ने प्रबंधन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतने बड़े एडवेंचर पार्क परिसर में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की कोई सुविधा मौजूद नहीं थी. इतना ही नहीं, घायल कुनाल को तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए वहां कोई एंबुलेंस या गाड़ी तक उपलब्ध नहीं कराई गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका कहना है कि अगर समय रहते बच्चे को इलाज मिल जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी. घटना के बाद से पूरी चौपाटी और उसके आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है.

 दो कर्मचारी भेजे गए जेल

पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एडवेंचर कंपनी से जुड़े दो कर्मचारियों - संतोष कुमार दूबे (निवासी डिफेंस कॉलोनी, आगरा) और अभिषेक (निवासी गाजीपुर, दिल्ली) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आपको बता दें कि इस चौपाटी का उद्घाटन 11 फरवरी 2023 को जयपुर के मसाला चौक की तर्ज पर हुआ था, लेकिन भीड़ कम होने के कारण पिछले साल अक्टूबर में एडीए ने इसका संचालन दिल्ली की एक निजी संस्था 'ईओडी एडवेंचर पार्क' (विजयन अम्यूजमेंट पार्क प्राइवेट लिमिटेड) को आउटसोर्स कर दिया था. अब एडीए की 5 सदस्यीय कमेटी (जिसमें चीफ इंजीनियर, टाउन प्लानर, एक्सईएन और प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं) कंपनी के साथ हुए अनुबंध, सुरक्षा मानकों की लापरवाही और हादसे की असली वजहों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय करेगी.