आगरा के एक घर में फ्रिज में बनी शिवलिंग जैसी आकृति, लोगों ने अमरनाथ हिमलिंग से तुलना कर की पूजा-अर्चना

आशुतोष चौबे

• 09:28 AM • 14 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक घर के फ्रिज के अंदर बर्फ से बनी शिवलिंग जैसी आकृति इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. जैसे ही इस आकृति की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे.

Agra Refrigerator Shivling News

Agra Refrigerator Shivling News (Photo Enhanced by AI)

Google CTA

Agra Shivling News: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक घर के फ्रिज के अंदर बर्फ से बनी शिवलिंग जैसी आकृति इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. जैसे ही इस आकृति की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे. लोगों ने इसे भगवान शिव का चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी. जलाभिषेक, फूल और बेलपत्र अर्पित किए गए, वहीं पूरे इलाके में 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजने लगे. दूसरी ओर कुछ लोग इसे बर्फ जमने की सामान्य प्रक्रिया मान रहे हैं, जिसके चलते आस्था और विज्ञान दोनों पहलुओं पर चर्चा जारी है.

यह भी पढ़ें...

फ्रिज खोलते ही दिखी शिवलिंग जैसी आकृति

जानकारी के मुताबिक यह मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का है. परिवार के लोगों ने जब फ्रिज का फ्रीजर खोला तो उसमें जमी बर्फ के बीच एक ऐसी आकृति दिखाई दी, जो देखने में शिवलिंग जैसी प्रतीत हो रही थी. इसकी सूचना पड़ोसियों और परिचितों तक पहुंची तो लोग घर पहुंचने लगे. देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई. कई लोगों ने हाथ जोड़कर भगवान शिव का स्मरण किया, जबकि अन्य श्रद्धालुओं ने फूल, जल और बेलपत्र अर्पित कर पूजा शुरू कर दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की आकृति नहीं देखी.

अमरनाथ हिमलिंग से जोड़कर देख रहे श्रद्धालु

घटना की चर्चा बढ़ने के साथ कई लोग इस आकृति की तुलना जम्मू-कश्मीर की अमरनाथ गुफा में बनने वाले प्राकृतिक हिमलिंग से करने लगे. श्रद्धालुओं का मानना है कि यह भगवान शिव की विशेष कृपा का संकेत हो सकता है. इसी दौरान जिस घर में यह आकृति बनी, वहां मोहल्ले के एक बाबा भी पहुंचे. उन्होंने मौजूद लोगों को अमरनाथ गुफा में रहने वाले कबूतरों के जोड़े से जुड़ी धार्मिक कथा सुनाई. मान्यता है कि इन कबूतरों को अमर रहने का वरदान मिला है और इन्हें भगवान शिव की आस्था से जोड़ा जाता है. इस कथा को सुनने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे.

पूजा-पाठ और चढ़ावे का सिलसिला शुरू

जैसे-जैसे इस घटना की जानकारी फैलती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई. कई लोग अपने परिवार के साथ दर्शन करने पहुंचे, जबकि कुछ लोग सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद वहां पहुंचे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के भजन गाए, 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारे लगाए. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से देर शाम तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा. इसी दौरान लोगों ने जलाभिषेक किया और फूल-प्रसाद चढ़ाने के साथ चढ़ावा भी अर्पित करना शुरू कर दिया.

सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस

इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. एक वर्ग इसे भगवान शिव का चमत्कार मान रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इसे केवल बर्फ के प्राकृतिक जमाव का परिणाम बता रहा है. कई लोगों का कहना है कि आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए, जबकि कुछ का मानना है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी इसे समझना जरूरी है. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि यदि यह केवल बर्फ से बनी आकृति है, तो फ्रिज की बिजली कुछ समय के लिए बंद करने पर उसके पिघलने की प्रक्रिया से स्थिति स्पष्ट हो सकती है. फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.