ताजमहल देखने आईं फ्रांस की महिलाओं के साथ कैब ड्राइवर ने ये क्या कर दिया, लोग बोले- गलत बात है... फिर दोनों रो पड़ीं

यूपी तक

08 Jul 2026 (अपडेटेड: 08 Jul 2026, 08:27 PM)

Agra Tourist Fraud: आगरा में ताजमहल घूमने आईं फ्रांस की दो महिला पर्यटकों से कथित तौर पर ऑनलाइन कैब ड्राइवर ने अतिरिक्त किराये के नाम पर 500 रुपये की जगह 50 यूरो ले लिए.

UP Tak

Photo Source - AI Generated

Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा में दुनिया का अजूबा ताजमहल देखने आईं फ्रांस की दो महिला पर्यटकों के साथ ऑनलाइन कैब बुकिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. दिल्ली एयरपोर्ट से आगरा तक का सफर तय करने के बाद, इन विदेशी सैलानियों को भारतीय मुद्रा की सही समझ न होने का फायदा उठाकर ठग लिया गया.

यह भी पढ़ें...

हालांकि, स्थानीय गाइडों की सूझबूझ और ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता ने यूपी पुलिस की छवि खराब होने से बचा ली. पुलिस ने न सिर्फ मुस्तैदी दिखाई बल्कि ठगे गए पूरे पैसे भी वापस कराए. लेकिन इस पूरी घटना के दौरान बीच सड़क पर कुछ ऐसा हुआ कि विदेशी सैलानी फूट-फूटकर रोने लगीं. आखिर उस वक्त वहां क्या हुआ था और ड्राइवर ने किस चालाकी से वारदात को अंजाम दिया? आइए आपको बताते हैं...

फ्लाइट लेट होने का बहाना और 500 की जगह ऐंठे '50 यूरो'

फ्रांस की रहने वाली जूलियट ईवा और उनकी दोस्त वैरोनिका मंगलवार सुबह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंची थीं. उनकी फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे लेट थी, जिसके बाद दोनों ने ऑनलाइन कैब बुक की और आगरा के लिए रवाना हुईं. उन्होंने कैब का तय किराया पहले ही ऑनलाइन दे दिया था.

आरोप है कि आगरा पहुंचते ही कैब ड्राइवर अजहरुद्दीन ने रंग बदलना शुरू कर दिया. उसने फ्लाइट लेट होने और एयरपोर्ट पार्किंग का बहाना बनाकर एक्स्ट्रा पैसों की मांग की और उन्हें ताजमहल के पास छोड़ने के बजाय पुरानी मंडी इलाके में ही उतार दिया. ड्राइवर ने उनसे 500 रुपये और मांगे. विदेशी महिलाओं को भारतीय रुपयों का अंदाजा नहीं था, इसलिए उन्होंने 500 रुपये समझकर ड्राइवर को 50 यूरो थमा दिए, जिसकी भारतीय कीमत करीब 5,000 रुपये थी.

गाइड की नजर पड़ी और खुल गया राज

ड्राइवर पैसे लेकर भागने ही वाला था कि वहां मौजूद एक स्थानीय गाइड की नजर इस लेन-देन पर पड़ गई. उसे कुछ गड़बड़ लगी और उसने जब पर्यटकों से बात की, तो पूरी ठगी सामने आ गई. खुद को ठगा हुआ महसूस कर दोनों महिलाएं बीच सड़क पर ही भावुक होकर रोने लगीं. गाइडों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत ताज सुरक्षा पुलिस को इसकी सूचना दी.

पुलिस का एक्शन और कार सीज

सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और घेराबंदी कर ड्राइवर को दबोच लिया. पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए ड्राइवर से पर्यटकों के 50 यूरो वापस कराए. अपनी रकम वापस पाकर विदेशी पर्यटकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने नम आंखों से यूपी पुलिस और गाइडों का शुक्रिया अदा किया.

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पर्यटकों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी थी, इसलिए पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की है और उसकी कार को सीज कर दिया है.