'मुझे नहीं पता था नीचे लाश है...' आगरा के सुरेंद्र हत्याकांड में राजमिस्त्री रवि का यूपी Tak पर बड़ा दावा, कातिल पत्नी रूबी की बताई ये बात

अरविंद शर्मा

• 10:31 AM • 05 Jul 2026

Agra Crime News:आगरा में पति की हत्या कर बाथरूम के फर्श के नीचे शव दफनाने वाली रूबी की साजिश का नया खुलासा हुआ है. फर्श बनाने वाले राजमिस्त्री ने चौंकाने वाला दावा किया जबकि पुलिस पूरे हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है.

Agra Crime News

Agra Crime News

Google CTA

Agra Crime News: आगरा की रूबी सबको बार-बार एक ही कहानी सुना रही थी कि उसका पति लापता है. मार 45 दिन बाद कहानी पलट गई. रूबी की असलियत सामने आ गई. जो महिला रो-रोकर अपने पति के लापत होने की कहानी सुना रही थी असल में वह एक कातिल थी. उसने अपने पति का कत्ल कर उसकी लाश घर में बाथरूम में दफना दी थी. इस हत्याकांड में उस राजमिस्त्री रवि कुमार का रिएक्शन सामने आया है, जिसने बाथरूम का फर्श बनाया था. मिस्त्री ने यूपी Tak से खास बीतचीत में एक बड़ा दावा कर दिया है. राजमिस्त्री के मुताबिक जब वह घर पहुंचा तो आरोपी रूबी खुद बाथरूम में मलबा डाल रही थी. मिस्त्री ने लेबर लगाने की सलाह भी दी, लेकिन रूबी ने साफ कह दिया था कि वह खुद कर लेगी.

यह भी पढ़ें...

यह पूरा मामला आगरा के सिकंदरा इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी का है. यहां रहने वाले 44 साल के सुरेंद्र कुमार शर्मा 18 मई से लापता बताए जा रहे थे. 26 मई को उनके मिसिंग होने की रिपोर्ट लिखी गई. सुरेंद्र की पत्नी रूबी लगातार यही कहती रही कि उसके पति घर छोड़कर चले गए हैं और लौट आएंगे. मगर यह मामला 45 दिन बाद पलट गया. पुलिस ने जब घर के बाथरूम का फर्श तुड़वाया तो उसके नीचे सुरेंद्र शर्मा की लाश मिली. तुरंत फिर पुलिस ने रूबी को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार की है. इस केस में अब एक नया शख्स सामने आया है जो राजमिस्त्री है. इसी शख्स ने घर में बाथरूम का फर्श तैयार किया था.

राजमिस्त्री रवि कुमार ने बताया कि रूबी से उसकी पहले से कोई जान-पहचान नहीं थी. चूंकि उसने पास ही के एक घर में निर्माण कार्य किया था, इसी वजह से रूबी ने उससे राब्ता कायम किया. रवि के अनुसार, दोपहर के करीब डेढ़ बजे उसके पास एक कॉल आई, जिसमें रूबी ने उसे बाथरूम के काम के सिलसिले में बुलाया. उस वक्त रवि ने तुरंत आने से मना कर दिया और अगले दिन काम पर पहुंचने की बात कही.

अगले दिन जब रवि उसके घर पहुंचा, तो उसने देखा कि वह महिला खुद ही बाथरूम के भीतर मलबा डालने में जुटी थी. यह देखकर रवि ने उससे कहा कि वह यह काम क्यों कर रही है, किसी मजदूर को रख ले तो उसका भी फायदा हो जाएगा. मगर रूबी ने जवाब दिया कि वह खुद ही यह कर लेगी. इसके बाद रूबी ने रवि को 500 रुपये थमाए और निर्माण का सामान मंगवा लिया.

रवि ने आगे बताया कि वह बाथरूम तकरीबन चार बाई छह फीट का था, जहां पहले से बनी टॉयलेट सीट करीब डेढ़ फीट ऊंचाई पर थी. जब नया फर्श तैयार किया गया, तो उसी ऊंचाई के बराबर लाकर उसे समतल कर दिया गया. काम के दौरान रवि के साथ एक मजदूर भी मौजूद था, जिसने सीमेंट और मसाले का मिश्रण तैयार किया और फिर रवि ने पूरे बाथरूम का नया फर्श ढाल दिया. रवि का कहना है कि उस वक्त उसे दूर-दूर तक इस बात का गुमान भी नहीं था कि वह जिस जगह पर फर्श बना रहा है, ठीक उसके नीचे किसी इंसान की लाश दफन है.

रूबी का कबूलनामा और साजिश की कड़ियां

पुलिस की पूछताछ के दौरान रूबी ने पूरी घटना की कड़ियों को बयां किया. उसने बताया कि उसने कथित तौर पर पहले खीर तैयार की और उसमें 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर सुरेंद्र शर्मा को खिला दीं. इसके बाद उसने उनकी जान ले ली. अगले दिन सुबह उसने अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया ताकि घर खाली हो सके. इसके बाद वह अकेले ही शव को घसीटते हुए बाथरूम तक ले गई, वहां खोदे गए गड्ढे में उसे दफनाया और ऊपर से मिट्टी डालकर सतह को बराबर कर दिया. इसके बाद ही उसने राजमिस्त्री को बुलाकर वहां सीमेंट का नया फर्श डलवाया था.

भाई का शक और सच का सामने आना

सुरेंद्र के लापता हुए जब कई दिन बीत गए और उनका कोई अता-पता नहीं चला, तो उनके बड़े भाई अनिल शर्मा को रूबी के बयानों पर संदेह होने लगा. परिवार के लोगों का कहना है कि सुरेंद्र के बारे में पूछने पर रूबी हर बार एक नई कहानी गढ़ देती थी. इस कारण अनिल शर्मा ने अपने स्तर पर तफ्तीश शुरू की और बैंक के कागजातों सहित दूसरी जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं. आखिरकार, जब उन्होंने रूबी से कड़ाई से बात की और उसे भरोसा दिया कि यदि कोई समस्या है तो वह सच बता दे, तब जाकर रूबी का हौसला टूट गया.

परिजनों के मुताबिक, रूबी ने ही खुद यह राज उगला कि सुरेंद्र का शव घर के ही बाथरूम के फर्श के नीचे दबा हुआ है. इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर आ पहुंची. बाथरूम की खुदाई की गई और फर्श के नीचे से शव को बाहर निकाला गया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी रूबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. शव का पोस्टमार्टम करवाकर फॉरेंसिक टीम साक्ष्य खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस वारदात में रूबी के साथ कोई और भी मददगार था या नहीं, और इस पूरी हत्या के पीछे की असल वजह और पूर्व नियोजित साजिश का सच क्या है.