Mughalsarai kalash yatra News: नगर में शनिवार रात करीब 10 बजे माँ काली मंदिर स्थापना महोत्सव के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई. धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत इस यात्रा में 108महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया. "जय माता दी" के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. श्रद्धालु भक्ति गीतों और डीजे की धुन पर झूमते नजर आए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
श्री माँ काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट से जुड़े इन्द्रदेव गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता ने बताया कि कलश यात्रा के बाद माँ काली की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी. इसके बाद नियमित पूजा-अर्चना का क्रम चलेगा तथा 8 जुलाई को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा.
वहीं, नगर निवासी सतीश कुमार जिंदल ने बताया कि जिस प्राचीन काली मंदिर को नए परिसर में स्थापित किया जा रहा है, वह लगभग 200 वर्ष पुराना माना जाता है. नए मंदिर परिसर में पहले की तुलना में अधिक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि भविष्य में जरूरतमंद परिवार इस परिसर में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित कर सकेंगे, यदि मंदिर समिति की अनुमति होगी.
सतीश कुमार जिंदल ने यह भी स्पष्ट किया कि मुगलसराय के प्रसिद्ध माँ काली मंदिर का ऐतिहासिक भंडारा पहले की तरह आगे भी निरंतर आयोजित होता रहेगा.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री माँ काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट, संरक्षक मंडल, आचार्यों, पदाधिकारियों राणा सिंह, कुंदन सिंह, गुड्डू गुप्ता, विशाल तिवारी, गुरदीप सिंह, राहुल जायसवाल, चंदेश्वर जायसवाल, बगलामा मुखर्जी, राजेश जायसवाल, सिध्दांत जायसवाल और स्थानीय श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही. पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने माँ काली से सुख-समृद्धि एवं सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की.
ADVERTISEMENT











