Chandauli Facebook Post Controversy: सोशल मीडिया पर सुभाष नगर की महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ गया. गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सुभाष नगर की सभासद आरती यादव मुगलसराय कोतवाली पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी.
ADVERTISEMENT
सभासद आरती यादव ने आरोप लगाया कि काली महाल निवासी अभिषेक कुमार गौतम ने फेसबुक पर सुभाष नगर की महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया. उन्होंने महिलाओं को "बंदरिया", उनके पतियों को "मदारी" और बच्चों को "जोकर" कहकर संबोधित किया, जिससे पूरे क्षेत्र की महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं. आरती यादव ने कहा कि उनकी आरोपी से कोई व्यक्तिगत या राजनीतिक रंजिश नहीं है, इसके बावजूद महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई. उन्होंने आरोपी के खिलाफ मानहानि सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
आरती यादव ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम भेजी गई है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, विवाद बढ़ने के बाद आरोपी अभिषेक कुमार गौतम ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि फेसबुक पर की गई पोस्ट से यदि सुभाष नगर की माताओं और बहनों की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए वह दिल से क्षमा प्रार्थी हैं. उन्होंने कहा कि उनका किसी का अपमान करने का उद्देश्य नहीं था और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT











