Chandauli News: दुलहीपुर क्षेत्र में कूड़े के ढेर, जाम नालियों और वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं. उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है.
ADVERTISEMENT
आसपास फैली गंदगी और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, जबकि जाम नालियों के कारण जलभराव की समस्या भी बनी रहती है. वहीं जर्जर सड़क से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
स्थानीय वरिष्ठ नागरिक डॉ. हरिहर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है. सफाई कर्मचारी कभी-कभार पहुंचकर कूड़े को एक स्थान पर इकट्ठा कर देते हैं, लेकिन उसका उठान नहीं होने से कूड़े का अंबार लग जाता है. उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार वर्षों से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है.कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने जिलाधिकारी से कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था कराने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाने की मांग की.
वहीं रायपुर महामलपुर निवासी बसंत लाल ने बताया कि क्षेत्र की सड़क पिछले 20 से 25 वर्षों से बदहाल है. इस मार्ग से करीब 20 से 25 गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. सड़क खराब होने के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि कई अधिकारी निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका. उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की.
इस संबंध में ग्राम प्रधान सरिता सोनकर ने बताया कि ग्राम पंचायत में केवल एक सफाई कर्मी तैनात है, जिससे पूरे गांव की नियमित सफाई कराना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सफाई कर्मियों की मांग को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित प्रार्थना पत्र भेजा गया है और शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कूड़ा निस्तारण, नालियों की नियमित सफाई और सड़क निर्माण का कार्य नहीं कराया गया तो क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.
ADVERTISEMENT










