Chandauli News: चंदौली में मुहर्रम के ताजिया जुलूस में पुरानी रंजिश का खूनी संघर्ष, तलवारबाजी और मारपीट में दो गंभीर रूप से घायल

Chandauli Muharram Clash: चंदौली के पखनपुर गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई. तलवारबाजी और मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी.

चंदौली में मुहर्रम के ताजिया जुलूस में पुरानी रंजिश का खूनी संघर्ष, तलवारबाजी और मारपीट में दो गंभीर रूप से घायल

चंदौली में मुहर्रम के ताजिया जुलूस में पुरानी रंजिश का खूनी संघर्ष, तलवारबाजी और मारपीट में दो गंभीर रूप से घायल

Newzo

• 01:01 PM • 27 Jun 2026

follow google news

Chandauli  News: देर रात्रि शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुर गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. जुलूस के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गई. दोनों पक्ष एक ही समुदाय से बताए जा रहे हैं. घटना में तलवारबाजी और मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

यह भी पढ़ें...

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे. अचानक हुई हिंसा से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुलूस में शामिल लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा तथा गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की वजह पुरानी रंजिश है, जो मुहर्रम के जुलूस के दौरान फिर से उभरकर हिंसक झड़प में बदल गई. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी में जुटी है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

जिला अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सक अजय वर्मा ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल दो लोगों को जिला अस्पताल लाया गया है. दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया है. गंभीर चोटों को देखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय जांच और इलाज जारी है. उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

घायल अब्दुल हकीम ने बताया कि हम लोग ताजिया जुलूस में शामिल थे, इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई. हम पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें हमें गंभीर चोटें आई हैं. तीमारदार वाहिद जहान का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही हम लोग अस्पताल पहुंचे. घायल का इलाज चल रहा है. हमारी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.