Chandauli News: महाबलपुर में दो महीने से जलभराव, सड़क पर उतरे ग्रामीण, समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

Chandauli waterlogging Crisis: चंदौली के महाबलपुर गांव में दो महीने से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. उन्होंने जिलाधिकारी से जलनिकासी और सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

 महाबलपुर में दो महीने से जलभराव, सड़क पर उतरे ग्रामीण, समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

महाबलपुर में दो महीने से जलभराव, सड़क पर उतरे ग्रामीण, समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

Newzo

• 02:21 PM • 28 Jun 2026

follow google news

Chandauli News: महाबलपुर गांव में पिछले डेढ़ से दो महीने से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है. सड़क और नालियों में जमा गंदे पानी के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है.

यह भी पढ़ें...

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. मजबूर होकर रविवार को ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी से तत्काल समस्या के समाधान की मांग की.

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण सनी सिद्धार्थ ने बताया कि गांव की सड़क पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है. गंदगी के बीच बच्चों सहित सभी ग्रामीणों को रोजाना आवागमन करना पड़ता है. कई बार ग्राम प्रधान को शिकायत देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क का निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की.

ग्रामीण राजकुमार ने बताया कि नालियों की सफाई केवल खानापूर्ति के लिए की जाती है. सफाईकर्मी आते हैं, औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं, जिससे नालियों का गंदा पानी गांव में ही जमा रहता है. उन्होंने नालियों की नियमित सफाई और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की.

वहीं ग्रामीण मंजू देवी ने आरोप लगाया कि महीनों तक नालियों की सफाई नहीं कराई जाती, जिसके कारण गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है. उन्होंने प्रशासन से नालियों और चेंबरों की नियमित सफाई कराकर गांव को जलभराव और गंदगी से मुक्ति दिलाने की मांग की.

प्रदर्शन में चंदा, मंजू, नर्मदा, रहना, शकुन, शकुंतला, पवन, पवन सिंह, संगीता, राजकुमार, सरोज, प्रदीप, महेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.