Agra Rubi Crime Story: फिल्म दृश्यम की तर्ज पर पति की हत्या कर उसकी लाश को घर के ही बाथरूम में दफनाने और ऊपर से सीमेंट का पक्का फर्श बनवाने वाली शातिर पत्नी रूबी आखिरकार कानून के शिकंजे में आते ही टूट गई. उत्तर प्रदेश के आगरा में अपने पति सुरेंद्र शर्मा की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार महिला रूबी को जब अदालत में पेश किया गया तो वह जज के सामने घुटनों पर आ गई और फूट-फूटकर रोने लगी. अदालत के भीतर रोते हुए रूबी ने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया और कहा 'पति की हत्या करके मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई.'
ADVERTISEMENT
खीर में मिलाईं 15 गोलियां फिर घसीटकर बाथरूम में गाड़ा
पुलिस जांच और अभियोजन अधिकारी बृजभूषण कुशवाहा के मुताबिक, रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा को ठिकाने लगाने के लिए बेहद शातिर और खौफनाक साजिश रची थी. पूछताछ में जो टाइमलाइन सामने आई उसने पुलिस टीम के भी होश उड़ा दिए. रूबी ने सबसे पहले रात के खाने में बनी खीर में 15 से 16 नींद की गोलियां मिला दीं. जैसे ही सुरेंद्र ने वह खीर खाई वे गहरी और बेसुध नींद में सो गए. इसके बाद रूबी ने उनकी हत्या कर दी.
वारदात को अंजाम देने के अगले ही दिन रूबी ने बड़ी ही चालाकी से अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया ताकि घर में वह बिल्कुल अकेली रहे. इस दौरन अकेले होने का फायदा उठाकर रूबी ने भारी-भरकम लाश को घसीटा और घर के बाथरूम में ले गई. वहां उसने गहरा गड्ढा खोदा फिर सुरेंद्र के शव को उसमें डाला और मिट्टी भरकर जमीन समतल कर दी.
राज छिपाने के लिए मिस्त्री बुलाकर बनवाया नया फर्श
अभियोजन अधिकारी बृजभूषण कुशवाहा ने बताया कि 'रूबी को पति की हत्या के मामले में अदालत के सामने पेश किया गया था. सुनवाई के दौरान वह लगातार रोती रही और काफी भावुक दिखाई दी. उसने अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसके इस बयान को केस के सबसे अहम सबूतों में शामिल किया जाएगा.'
लाश को ठिकाने लगाने के बाद रूबी यहीं नहीं रुकी. किसी को शक न हो, इसलिए उसने तुरंत घर पर एक मिस्त्री को बुलाया. उसने बहाना बनाया कि बाथरूम का फर्श नीचा है, इसलिए इसे ऊंचा करना है. रूबी ने लाश दफन वाली जगह के ऊपर सीमेंट का नया प्लास्टर करवाकर फर्श को पूरी तरह पक्का करवा दिया ताकि बदबू बाहर न आ सके.
45 दिनों तक पुलिस और परिवार को किया गुमराह
इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रूबी करीब 45 दिन तक बेहद सामान्य बनी रही. जब भी परिवार या पुलिस सुरेंद्र के बारे में पूछते तो वह अलग-अलग कहानियां गढ़कर सबको गुमराह करती रही. लेकिन कहते हैं कि कानून के हाथ लंबे होते हैं. पुलिस ने जब कड़ाई से साक्ष्य जुटाए और शक के आधार पर घर की तलाशी ली तो बाथरूम के फर्श के नीचे दफन वो खौफनाक राज बाहर आ गया. फिलहाल अदालत के आदेश पर रूबी को जेल भेज दिया गया है और उसके कबूलनामे के बाद अब पुलिस इस हत्याकांड की असली वजह और बाकी बचे कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है.
ADVERTISEMENT











