क्या इस्तीफा होगा स्वीकार? राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में घिरे चंपत राय और अनिल मिश्रा को लेकर ट्रस्ट लेगा बड़ा फैसला

कुमार अभिषेक

• 10:49 AM • 06 Jul 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होगी. सूत्रों के मुताबिक चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला संभव है. अंतरिम व्यवस्था और आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी.

Champat Rai and Anil Mishra

Champat Rai and Anil Mishra

Google CTA

Ram Mandir Trust Meeting: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बड़े खुलासे के बाद आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अब तक की सबसे बड़ी और अहम बैठक होने जा रही है.  सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर 3 बजे होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर अंतिम मुहर लग जाएगी. बड़ी बात यह है कि इस्तीफा स्वीकार होते ही ये दोनों केवल अपने पदों से ही नहीं बल्कि ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता से भी पूरी तरह बाहर हो जाएंगे. मंदिर प्रबंधन और चढ़ावे की रकम की जिम्मेदारी इन्हीं दोनों के पास थी जिसके चलते विवाद के बाद से ही ये सवालों के घेरे में थे.

यह भी पढ़ें...

पहली बार मंदिर परिसर में बैठक

राम मंदिर में आज पहली बार यह बैठक मणिराम दास छावनी के बजाय सीधे राम मंदिर परिसर के भीतर आयोजित की जा रही है. चंपत राय और अनिल मिश्रा ने बीते 26 जून को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था जिसकी पुष्टि 27 जून को कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने की थी. आज इस पर सिर्फ औपचारिक फैसला होना बाकी है.

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में निर्माण सहायक गोपाल राव की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं जिसके चलते उन्हें इस बार बैठक से बाहर रखा जा सकता है. बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर बड़े फैसलों की जानकारी दी जाएगी.

ट्रस्ट देना चाहता है बड़ा संदेश

चढ़ावा चोरी के गंभीर आरोपों के बाद से ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की छवि लगातार धूमिल हो रही थी. एक के बाद एक लग रहे आरोपों के बीच ट्रस्ट आज देश और रामभक्तों को एक कड़ा संदेश देना चाहता है. यही वजह है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा की विदाई तय मानी जा रही है.

हालांकि, पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और कानूनी रूप देने के लिए दोनों पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा. इसके बाद ट्रस्ट के सदस्यों का दो-तिहाई बहुमत जो निर्णय लेगा वही अंतिम और सर्वमान्य होगा.

अंतिम रिपोर्ट आने तक अंतरिम व्यवस्था

चंपत राय और अनिल मिश्रा के बाहर होने के बाद ट्रस्ट के रोजमर्रा के कामकाज को देखने के लिए आज ही एक अंतरिम व्यवस्था तय की जाएगी. ट्रस्ट के भीतर बड़े और आमूलचूल परिवर्तन इस मामले की जांच कर रही SIT की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही किए जाएंगे.