राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों के चैट्स से खुला 2 करोड़ की चोरी वाला राज, अब टिन्नू-अविनाश समेत इन 5 से पूछे जाएंगे बड़े सवाल

यूपी तक

• 01:50 PM • 05 Jul 2026

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या राम मंदिर चोरी मामले में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के फोन से 1 साल पुराने डाटा को रिकवर किया है. इस डाटा की मदद से पुलिस ने 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की चोरी का खुलासा किया है. इस खुलासे के बाद पुलिस जेल में बंद हर आरोपी से अलग-अलग पूछताछ करेगी.

UP Tak
Google CTA

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के मोबाइल का डिलीट किया हुआ एक साल पुराना डाटा रिकवर किया है. मोबाइल डाटा से 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की चोरी का खुलासा हुआ है. अब इस मामले में पुलिस अयोध्या जेल में बंद सभी पांच आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ करने वाली है. इसके लिए पुलिस ने हर आरोपी के लिए सवालों की एक खास लिस्ट तैयार की है.

यह भी पढ़ें...

मोबाइल चैट से हुआ बड़ा खुलासा

अयोध्या पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के मोबाइल का एक साल पुराना डाटा रिकवर कर लिया है. इसमें अविनाश शुक्ला और अनुकल्प मिश्रा के नए फोन का डाटा भी शामिल है. मोबाइल चैट से पता चला है कि पैसों को लेकर अनुकल्प और लवकुश मिश्रा के बीच विवाद हुआ था. फरवरी 2026 की चैट से खुलासा हुआ है कि अनुकल्प ने लवकुश पर ज्यादा रकम चोरी करने और उसे कम हिस्सा देने का आरोप लगाया था.

आरोपियों से होगी अलग-अलग पूछताछ

पुलिस अब बैंक के लेनदेन और मोबाइल चैट से मिली जानकारी के अनुसार जांच कर रही है. आज अयोध्या जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में रखे गए पांचों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी. जेल के पूछताछ रूम में सभी आरोपियों से अलग-अलग सवाल किए जाएंगे. इस तरीके से पुलिस सभी की बातों को जोड़कर चोरी की पूरी कहानी का पता लगाएगी.

मनीष और टिन्नू से होंगे कड़े सवाल

पुलिस मनीष यादव से पूछेगी कि 'बरामद हुए 3 लाख रुपये का रामशंकर यादव, टिन्नु यादव से क्या कनेक्शन है? 3 लाख रुपये कहां से आए? वहीं टिन्नू से पूछा जाएगा कि उसने मनीष को नौकरी कैसे दिलाई और उसे मनीष की चोरी के बारे में कब पता चला. टिन्नू से यह भी पूछा जाएगा कि ड्यूटी खत्म होने पर कर्मचारियों की तलाशी क्यों नहीं ली जाती थी.'

लवकुश और अनुकल्प से पैसों का हिसाब

अनुकल्प मिश्रा से सवाल होगा कि 'वह गणना कक्ष में कब से काम कर रहा था और उसने चोरी के पैसे कहां-कहां छुपाए हैं. लवकुश मिश्रा से पूछा जाएगा कि उसने जो मकान और पत्नी के लिए जेवर खरीदे, वो कहां हैं. इसके अलावा उसकी पत्नी के खाते में 6 महीने के अंदर जमा हुए 10 लाख रुपये कहां से आए, इसका भी हिसाब मांगा जाएगा.'

करुणेश पांडे से भी होगी पूछताछ

आरोपी करुणेश पांडे से पुलिस पूछेगी कि 'ट्रस्ट में उसकी नौकरी किसने लगवाई थी और वह कब से चोरी की घटनाओं में शामिल था.'

पुलिस जल्द लेगी कस्टडी रिमांड

आज जेल में होने वाली पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों के बयानों को मोबाइल डाटा और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मिलाकर चेक करेगी. इस पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही इन सभी आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगेगी, ताकि मामले की और गहराई से जांच की जा सके.

यह भी पढ़ें: मोबाइल, कैमरा, बैग और जूते-चप्पल सब बाहर... राम मंदिर में अब इन 6 कड़े बदलावों के बीच होगी दान चढ़ावे की गिनती