Constable Kapil Dinkar: मशहूर कॉमेडियन समय रैना का पॉपुलर रियलिटी शो 'India's Got Latent Season 2' इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. लेकिन इसके दूसरे एपिसोड में एक ऐसा वाकया हुआ जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. शो के मंच पर जब खाकी वर्दी पहने एक शख्स ने एंट्री ली तो किसी को अंदाजा नहीं था कि वह बड़े-बड़े कॉमेडियन्स की बोलती बंद कर देगा. अपनी हाजिरजवाबी, शानदार सिंगिंग और बेबाक अंदाज से जजों को स्पीचलेस करने वाले यह शख्स कोई एक्टर नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान कपिल दिनकर हैं. कपिल ने न केवल अपनी परफॉर्मेंस से जजों से 10 में से 10 नंबर पाए बल्कि 1 लाख रुपये की इनामी राशि जीतकर शो के विनर भी बने. सोशल मीडिया पर अब 'वर्दी वाले रॉकस्टार' की कहानी तेजी से वायरल हो रही है.
ADVERTISEMENT
कौन हैं कपिल दिनकर?
कपिल दिनकर जैसे ही वर्दी में स्टेज पर पहुंचे उन्होंने समय रैना को उन्हीं की पिच पर बोल्ड कर दिया. उन्होंने आते ही तंजिया लहजे में डायलॉग मारा 'अभी मन नहीं भरा क्या? पिछली बार तो बंद करवा दिया था.' इस पंच को सुनकर खुद समय रैना भी हैरान रह गए और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. शो के दौरान जज कीकू शारदा, हर्ष लिंबाचिया और समय रैना, कपिल की हाजिरजवाबी के सामने पूरी तरह स्पीचलेस नजर आए. कपिल ने सिर्फ कॉमेडी ही नहीं की बल्कि अपने शानदार पंजाबी गाने से भी सबको झूमने पर मजबूर कर दिया. बोनस सवाल का भी ऐसा सटीक जवाब दिया कि उन्हें वहां भी 5000 रुपये का एक्स्ट्रा रिवॉर्ड मिला.
वर्दी में आने पर उठ रहे सवालों पर दिया जवाब
शो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई सवाल भी उठ रहे थे कि क्या कोई पुलिस वाला वर्दी में इस तरह के शो में आ सकता है? इसका जवाब खुद कपिल ने शो के दौरान दिया. उन्होंने बताया कि उन्हें उनके टैलेंट और सिंगिंग के लिए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से स्पेशल परमिशन मिली हुई है. अधिकारी उनके हुनर का सम्मान करते हैं और इसी वजह से वे कई पॉडकास्ट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर आते हैं.
24 घंटे की ड्यूटी और म्यूजिक के लिए वक्त कैसे?
जब जजों ने तंज कसते हुए पूछा कि यूपी में 24 घंटे की पुलिस ड्यूटी के बीच म्यूजिक और लिटरेचर के लिए वक्त कैसे मिलता है? क्या यूपी से सारे बदमाश भाग गए हैं जो पुलिस इतनी इत्मीनान में है? इस पर कपिल ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वे रात में ड्यूटी करते हैं और दिन के समय अपने शौक को पूरा करते हैं. उन्होंने बताया कि वे केवल गाते ही नहीं हैं बल्कि लिटरेचर प्रेमी भी हैं. वे अब तक 3 किताबें लिख चुके हैं और 8 अन्य किताबों पर काम कर रहे हैं.
कानून व्यवस्था और एनकाउंटर पर बेबाक राय
शो में कपिल दिनकर ने यूपी की कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर आंकड़ों के साथ बात की. जब समय रैना ने राज्य के क्राइम रेट पर सवाल किया तो कपिल ने बड़ी बेबाकी से कहा कि यूपी पुलिस को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की पूरी आजादी है. उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र जैसी योजनाओं से महिलाओं को सुरक्षा मिली है और राज्य में पकड़े गए अपराधियों में से लगभग 93% को सजा दिलाई जा रही है. उनके इस बेबाक और प्रशासनिक ज्ञान से भरे जवाब ने सबका दिल जीत लिया.
म्यूजिक थी पहली मोहब्बत लेकिन मां के लिए पहनी वर्दी
फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाले कपिल दिनकर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी कई बड़े खुलासे किए. उन्होंने बताया कि वे कभी पुलिस में नहीं आना चाहते थे, संगीत ही उनकी पहली मोहब्बत थी. वे हमेशा से एक प्रोफेशनल सिंगर बनना चाहते थे और दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम करने के दौरान उन्होंने अपना एक म्यूजिक बैंड भी बनाया था. लेकिन उनकी मां की इच्छा थी कि उनका बेटा वर्दी पहने और पुलिस अफसर बने. इसलिए उन्होंने मां के सपने को प्राथमिकता दी और साल 2021 में यूपी पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए. प्यार करने वालों को एक अनोखी नसीहत देते हुए कपिल ने कहा 'दिल लगाना हो तो किसी आर्टिस्ट से लगाइए, क्योंकि डॉक्टर दवा खिलाते हैं. लेकिन आर्टिस्ट अपनी कला से ही तबीयत हरी कर देते हैं.'
दिल्ली के रहने वाले हैं कपिल
मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले कपिल दिनकर के परिवार में उनके माता-पिता, एक बड़ा भाई और एक बड़ी बहन हैं. उनके पिता राम लखन एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और मां हाउसवाइफ हैं. फिलहाल कपिल की तैनाती उत्तर प्रदेश के मेरठ में है. कपिल इससे पहले मेरठ महोत्सव में भी अपनी गायकी का जलवा बिखेर चुके हैं. एक पॉडकास्ट में उन्होंने यह भी साझा किया था कि बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार भी उन्हें अपने शो में आमंत्रित करना चाहते हैं. कपिल दिनकर की इस बड़ी कामयाबी से मेरठ के थाना सदर बाजार के उनके साथी पुलिसकर्मियों में जश्न का माहौल है.
ADVERTISEMENT











